जेल ट्रेनिंग सेंटर में नौकरी लगाने का झांसा देकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जेल ट्रेनिंग सेंटर में नौकरी लगाने का झांसा देकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

-आरोपी के कब्जे से नकली विजिटिंग कार्ड, नकली भर्ती सूची, युवक-युवतियों के फोटो बरामद किए गए।

आमला। जीआरपी आमला ने ट्रेनों में नौकरी दिलाने के नाम पर यात्रियों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को जेल विभाग का अधिकारी बताकर बेरोजगार युवक-युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देता था और उनसे पैसे वसूलता था। पुलिस ने आरोपी के पास से नकली दस्तावेज, नकद राशि और अन्य सामान जब्त किया है। जीआरपी आमला थाना क्षेत्र में ट्रेनों में लगातार हो रही धोखाधड़ी और जालसाजी की घटनाओं को देखते हुए जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकडऩे में सफ लता हासिल की। जीआरपी को शिकायत मिली थी कि एक व्यक्ति ट्रेन में यात्रियों को जेल ट्रेनिंग सेंटर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे मांग रहा है। जांच के दौरान जीआरपी को पता चला कि आरोपी ट्रेन में सफर करने वाले बेरोजगार युवक.युवतियों को अपना नाम राजपाल यादव बताकर खुद को भोपाल जेल का उप जेल अधीक्षक बताता था। वह जेल विभाग का नकली विजिटिंग कार्ड दिखाकर विश्वास दिलाता और नौकरी लगाने के नाम पर उनसे रकम मांगता था। पुलिस ने मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच और लोकेशन के आधार पर 13 मार्च को ट्रेन नंबर 12722 दक्षिण एक्सप्रेस में संदिग्ध की पहचान की। पुलिस टीम ने ट्रेन में फोटो दिखाकर पूछताछ की तो एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। पुलिस को देखकर वह ट्रेन से उतरकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इंद्रपाल पिता स्व. जद्दूलाल पाल 55 वर्ष निवासी खंजनपुर थाना गंज बैतूल जिला बैतूल बताया। वर्तमान में वह भोपाल के भगवान परिसर बागलिया रोड क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी ट्रेनों में सफ र कर भोपाल- इटारसी–बैतूल और छिंदवाड़ा रूट पर बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर उनसे पैसे वसूलता था। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 319(2), 336(3), 330, 340(2)और 240 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में उप निरीक्षक प्रमोद पाटिल, प्रधान आरक्षक राकेश यादव, आरक्षक दिलीप रघुवंशी, कुलदीप लोटे, संदीप जावड़े, अनिल कुमार, दिलीप नवरे, गजानंद, कमलेश कौशल, दीपक खलोटे,कैलाश पवार, संगीता धुर्वे, संतोष पटेल तथा कंट्रोल रूम भोपाल के स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
जीआरपी ने किया सामान बरामद
जीआरपी ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, 640 रुपए नकद, नकली विजिटिंग कार्ड, जेल ट्रेनिंग सेंटर के नाम से तैयार नकली भर्ती सूची, युवक-युवतियों की फोटो और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *