बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान दूसरे वनडे में सलमान आगा के रन आउट को लेकर विवाद हो गया। आईसीसी ने मैदान पर बहस के बाद उन्हें फटकार लगाते हुए एक डिमेरिट पॉइंट दिया है।
गुरुवार को बांग्लादेश (Bangladesh national cricket team) और पाकिस्तान (Pakistan national cricket team) के बीच ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम (Sher-e-Bangla National Cricket Stadium) में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में सलमान आगा (Salman Ali Agha) के रन आउट ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। कुछ फैंस का मानना है कि सलमान आगा की गलती थी, तो कुछ फैंस का कहना है कि मेहदी हसन मिराज (Mehidy Hasan Miraz) को ऐसा नहीं करना चाहिए था। हालांकि क्रिकेट के नियमों के अनुसार देखा जाए तो मेहदी हसन मिराज ने कोई गलती नहीं की, क्योंकि उन्होंने वही किया जो क्रिकेट के नियमों के तहत सही है।
आउट होने के बाद सलमान आगा और मेहदी हसन मीराज के बीच बहस भी देखने को मिली थी। इसके बाद आईसीसी (International Cricket Council) ने एक्शन लेते हुए सलमान आगा को फटकार लगाई है और उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया है।
सलमान के खिलाफ 1 डिमेरिट पॉइंट
मैच रेफरी ने बताया कि बांग्लादेश की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत नहीं की गई थी, जिसकी वजह से सलमान आगा पर मैच फीस का कोई जुर्माना नहीं लगाया गया। हालांकि मैदान पर उनके व्यवहार को देखते हुए उन्हें आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई और एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है।
बता दें कि पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरा वनडे मुकाबला शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में पाकिस्तान ने जीत हासिल की लेकिन बल्लेबाज सलमान आगा को मैदान पर ‘बचकानी हरकत’ की वजह से अपना विकेट गंवाना पड़ा। अजीबो-गरीब अंदाज में रनआउट होने के बाद सलमान बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज से भी भिड़ गए।
पाकिस्तान की पारी का 39वां ओवर मेहदी हसन मिराज डाल रहे थे। ओवर की चौथी गेंद पर मोहम्मद रिजवान ने सामने की तरफ शॉट खेला। गेंद सलमान के पैरों के पास आकर रुक गई। क्रीज से बाहर होने के बावजूद सलमान गेंद को उठाने के लिए नीचे झुके। हालांकि, मेहदी हसन फुर्ती दिखाते हुए गेंद पर झपटे और उन्होंने बॉल उठाकर तुरंत स्टंप पर दे मारी। मेहदी हसन ने जब थ्रो मारा, तो सलमान क्रीज से बाहर थे और उन्हें रनआउट करार दे दिया गया।
मेहदी हसन का यह बर्ताव सलमान आगा को बिल्कुल पसंद नहीं आया और वह उनसे मैदान पर ही भिड़ गए। सलमान ने गुस्से में अपने ग्लव्स भी फेंक दिए और वह काफी नाखुश दिखाई दिए। पाकिस्तान के बल्लेबाज ने अपना हेलमेट भी जमीन पर पटक दिया और काफी गुस्से में पवेलियन लौटे। सलमान ने 62 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्के की मदद से 64 रन बनाए। इस हरकत की वजह से आईसीसी ने सलमान आगा को फटकार लगाई और एक डीमेरिट प्वाइंट दिया।
Sports – Patrika | CMS




