भीलवाड़ा में मुंडन समारोह में शामिल होने जा रहे डीजे संचालक से 15-20 हथियारबंद बदमाशों ने मारपीट की। उसकी गाड़ी रोक कर गहने और कैश लूट लिए। मारपीट में घायल डीजे संचालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। मामला भीलवाड़ा के बागोर थाना क्षेत्र का है। बीती रात यहां एक डीजे संचालक के साथ कुछ लोगों ने जमकर मारपीट की। उसके पास रखा कैश और सोने की चेन लूट ली और युवक को मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। जिसका भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज करवाया जा रहा है। किडनैप कर 2 घंटे पीटा अमाल्दा निवासी युवक सत्यनारायण गुर्जर ने बताया कि रात करीब 12 के आसपास वो अजीतपुरा चौराहे से जा रहा था। इसी दौरान शिवलाल, हरदेव, मनरूप और उसके साथियों ने स्कॉर्पियो, स्विफ्ट से रास्ता रोका। इसके बाद बदमाशों ने हथियारों की नोक पर उससे मारपीट की। उसे गाड़ी में डालकर ले गए और 2 घंटे तक उसके साथ मारपीट करते रहे। सोने के गहने और कैश लूट ले गए गुर्जर ने बताया- बदमाशों ने उसकी सोने की चेन, कान की बालियां और 8 हजार कैश लूट लिया। उसके हाथ-पैर तोड़कर उसे बेमाली चौराहे पर फेंक कर फरार हो गए। फिलहाल बागौर थाना पुलिस ने घायल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।


