बाइक फिसलने से गिरी महिला, ट्रक का पहिया चढ़ा, मौत:राजगढ़ में गोद में बैठी ढाई साल की बेटी सुरक्षित; बाइक चला रहा रिश्तेदार भागा

बाइक फिसलने से गिरी महिला, ट्रक का पहिया चढ़ा, मौत:राजगढ़ में गोद में बैठी ढाई साल की बेटी सुरक्षित; बाइक चला रहा रिश्तेदार भागा

राजगढ़ जिले के जीरापुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर झाड़मऊ जोड़ के पास एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। मां की गोद में बैठी ढाई साल की मासूम तो बच गई, लेकिन उसी की आंखों के सामने ट्रक ने उसकी मां की जिंदगी छीन ली। हादसे के बाद मासूम अपनी मां की मौत से अनजान वहीं बैठी रही और कुछ भी बोल नहीं पा रही थी। पुलिस के अनुसार, रूपाबाई पति मनोहर वर्मा (28) निवासी बावड़ीखेड़ा (माचलपुर) अपने रिश्तेदार की बाइक से मायके खजूरी जा रही थी। छापीहेड़ा और झाड़मऊ जोड़ के बीच निर्माणाधीन टोल प्लॉजा के पास कच्चे मार्ग पर बाइक अचानक असंतुलित होकर गिर गई। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक का पिछला पहिया महिला के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चला रहा रिश्तेदार घबराकर मौके से भाग निकला। कुछ बोल नहीं पा रही थी बच्ची
घटना की सूचना मिलते ही जीरापुर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने ट्रक को रोककर जब्त कर लिया है। महिला के पास कोई पहचान पत्र नहीं होने से कुछ देर तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। इस दौरान मासूम बच्ची मां के पास ही बैठी रही और कुछ बोल नहीं पा रही थी। एसआई जगदीश यादव और मौके पर मौजूद लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए महिला की पहचान कराने की कोशिश की। महिला के पास मिली कपड़े की थैली पर नलखेड़ा की एक दुकान का पता लिखा था और उसके हाथ पर ‘मनोहर’ नाम लिखा हुआ था। इसी आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया। देर शाम पति और परिजन जीरापुर अस्पताल पहुंचे और महिला की पहचान की पुष्टि की। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *