‘मैं दिल्ली कैपिटल्स का मेंटॉर नहीं बन सकता’, IPL 2026 से पहले अचानक इस दिग्गज ने छोड़ा DC का साथ

‘मैं दिल्ली कैपिटल्स का मेंटॉर नहीं बन सकता’, IPL 2026 से पहले अचानक इस दिग्गज ने छोड़ा DC का साथ

Delhi Capitals in IPL: दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल की उन टीमों में से एक है, जो 2008 से लगातार लीग का हिस्सा रही है लेकिन कभी खिताब नहीं जीत पाई है। 

इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होगी। इससे पहले केविन पीटरसन (Kevin Pietersen) ने दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के मेंटॉर पद से इस्तीफा दे दिया है। 45 वर्षीय पीटरसन का कहना है कि वह इस भूमिका के लिए जरूरी समय नहीं दे पाएंगे। हालांकि, वह इस टूर्नामेंट में कमेंट्री बॉक्स में वापसी करेंगे। दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले साल फरवरी में पीटरसन को आईपीएल 2025 के लिए इस भूमिका में नियुक्त किया था।

पीटरसन ने सपोर्ट स्टाफ के साथ मिलकर काम किया, जिसमें क्रिकेट निदेशक वेणुगोपाल राव (Venugopal Rao), हेड कोच हेमंग बदानी (Hemang Badani), असिस्टेंट कोच मैथ्यू मोट्स (Matthew Mott) और गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल (Munaf Patel) शामिल थे।

पीटरसन ने हिंदी में किया ट्वीट

इंग्लैंड के इस दिग्गज खिलाड़ी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर यह जानकारी साझा करते हुए लिखा, “मैं इस आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का मेंटॉर नहीं रह पाऊंगा। मैं इस काम के लिए जरूरी समय नहीं दे सकता। इस सीजन के लिए सभी खिलाड़ियों को मेरी शुभकामनाएं। हालांकि, मैं कमेंट्री बॉक्स में आप सभी से फिर मिलूंगा। आईपीएल दुनिया की सबसे बेहतरीन लीग है। मैं जल्द ही आप सभी को देखने के लिए बेताब हूं।”

केविन पीटरसन ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 104 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 47.28 की औसत से 8,181 रन बनाए। इसके अलावा 136 वनडे मुकाबलों में 40.73 की औसत से 4,440 रन, जबकि 37 टी20 मुकाबलों में 37.93 की औसत से 831 रन जोड़े।

साउथ अफ्रीका में जन्म, इंग्लैंड के लिए चमके

दक्षिण अफ्रीका में जन्मे इस क्रिकेटर ने 2008 से 2009 तक इंग्लैंड की कप्तानी भी की थी। उन्हें ICC Men’s T20 World Cup 2010 में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब मिला था। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत ही इंग्लैंड ने अपनी पहली आईसीसी ट्रॉफी जीती थी। पीटरसन ने आईपीएल करियर में कुल 36 मैच खेले, जिसमें 37.07 की औसत से 1,001 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 4 अर्धशतक निकले।

BCCI ने बुधवार को आईपीएल 2026 के पहले चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह चरण 28 मार्च से 12 अप्रैल तक खेला जाएगा, जिसमें कुल 20 मैच 10 वेन्यू पर आयोजित होंगे। बीसीसीआई ने कहा है कि तीन राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल चुनावों की तारीखें घोषित होने के बाद ही जारी किया जाएगा।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *