खुले नाले में गिर रहे लोग, प्रशासन मौन

खुले नाले में गिर रहे लोग, प्रशासन मौन

कस्बे के बस स्टैंड से खेड़ली लिंक मार्ग पर प्रशासन की अनदेखी आमजन की सुरक्षा पर भारी पड़ रही है। ग्राम पंचायत द्वारा नाले की सफाई के नाम पर करीब एक माह पूर्व मुख्य रास्ते को खोदा गया था। उसके बाद नाले की औपचारिक रूप से सफाई तो की गई। अभी भी नाले में मलबा जमा है। उसके बाद नाले की ढकान (कवरिंग) करना पंचायत प्रशासन भूल गया। 
बीच रास्ते में खुले पड़े इस नाले के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीर आए दिन इसमें गिरकर चोटिल हो रहे हैं। शनिवार को भी एक बाइक चालक नाले को पार करते समय गिर गया। वह पूरी कीचड़ से सन गया। आसपास के लोगों ने बाहर निकाला। लोगों का कहना है कि रास्ता खुदा होने से उन्हें अपने घरों तक पहुंचने में भी भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। रात के अंधेरे में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जहाँ अनजाने में लोग इस गड्ढे का शिकार बन रहे हैं।

ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों का कहना है कि यदि ढकान का काम दूसरे विभाग का था, तो विभागों के बीच समन्वय क्यों नहीं बिठाया गया? सफाई के नाम पर रास्ता खोदकर उसे लावारिस छोड़ देना स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े करता है। लोगों ने मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय प्रशासन तुरंत इस नाले को दुरुस्त करवाए।

इनका यह कहना  

नाले पर ढकान कार्य के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बोल दिया है। लेकिन लेबर नही होने के कारण नाले के ढकान कार्य मे देरी हो रही है। नाले का ढकान कार्य जल्द से जल्द करवा दिया जाएगा।

– त्रिलोचन कुमार, ग्राम विकास अधिकारी चेचट।

नाला ग्राम पंचायत का है। ग्राम पंचायत द्वारा नाले खोदने से पूर्व निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित नही किया गया। ग्राम पंचायत को नाला खोदने में जल्दबाजी की गई। उपलब्ध होते ही नाला दुरस्त करवा दिया जाएगा।

– रामकेश मीणा, अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, रामगंजमंडी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *