झज्जर जिले के बेरी-दुजाना रोड़ पर हरियाणा रोड़वेज बस और स्कूटी की टक्कर में हरियाणा पुलिस के एक SPO की मौत हो गई। मृतक की पहचान विजयभान (48) पुत्र जयसिंह निवासी गांव शेरिया के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जानकारी के अनुसार विजयभान हरियाणा पुलिस में SPO के पद पर कार्यरत थे और बहादुरगढ़ में डीसीपी कार्यालय में तैनात थे। बताया जा रहा है कि वे ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दुजाना-बेरी रोड पर हरियाणा रोडवेज की बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। डीसीपी की सुरक्षा में था तैनात मामले के जांच अधिकारी प्रवीण ने बताया कि हादसा दुजाना-बेरी मार्ग पर हुआ है। विजयभान बहादुरगढ़ में डीसीपी मयंक मिश्रा के कार्यालय से ड्यूटी करके घर लौट रहा था। वह डीसीपी की सुरक्षा में तैनात था। इसी दौरान रोडवेज बस ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भाई ने लगाए गंभीर आरोप मृतक के भाई अशोक ने बताया कि विजयभान ड्यूटी से वापस घर आ रहा था। जैसे ही वह दुजाना-बेरी रोड़ पर पहुंचा, रोडवेज बस चालक ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। अशोक का आरोप है कि हादसे के बाद विजयभान का शव करीब तीन घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा, लेकिन पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची और शव को अस्पताल लाने में भी काफी देर हुई। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ परिजनों के अनुसार विजयभान ने 2014 में झज्जर पुलिस में SPO के पद पर जॉइन किया था। उनके परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियां और एक छोटा बेटा अभी पढ़ाई कर रहे हैं। पत्नी गृहिणी है। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


