NAMAN Award Ceremony 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) कल यानी 15 मार्च 2026 को नई दिल्ली में शानदार ‘नमन अवॉर्ड्स 2026’ का आयोजन करने जा रहा है। यह एक ऐसा प्रतिष्ठित समारोह है जहां भारतीय क्रिकेट के हर स्तर, चाहे वो इंटरनेशनल मैच हों, घरेलू क्रिकेट (Domestic) हो या फिर जूनियर लेवल (Age Group) में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है। इस साल का आयोजन उन दिग्गजों और उभरते सितारों को समर्पित है, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और शानदार खेल से भारत में क्रिकेट के रुतबे को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड (सबसे बड़ा सम्मान)
लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड क्रिकेट जगत में सबसे बड़ा सम्मान मन जाता है। इस साल का सबसे खास पल वह होगा जब रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को क्रिकेट में उनके बेहतरीन योगदान के लिए ‘कर्नल सी.के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से नवाजा जाएगा। वहीं, महिला क्रिकेट की पहचान मिताली राज को ‘BCCI लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड फॉर विमेन’ दिया जाएगा।
बिन्नी-द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
रोजर बिन्नी ने 1983 के वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेकर भारत को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। ये खिलाड़ी के साथ-साथ कोच और BCCI के अध्यक्ष भी रहे हैं। वहीँ ‘द वॉल’ के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ ने 24,000 से ज्यादा रन बनाए हैं। खिलाड़ी के बाद उन्होंने कोच के तौर पर टीम को तैयार किया और उनकी ही गाइडेंस में भारत ने 2024 का T20 वर्ल्ड कप जीता था। महिला क्रिकेट की सबसे बड़ी आइकन मिताली राज ने वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं और दो बार भारत को वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचाया था।
इस साल के बेस्ट खिलाड़ी (2024-25 सीजन)
सिर्फ पुराने दिग्गज ही नहीं, बल्कि आज के चमकते सितारों को भी इनाम मिलेंगे। भारतीय वनडे और टेस्ट के कप्तान शुभमन गिल को दूसरी बार पुरुषों में ‘बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर’ अवार्ड के लिए चुना गया है। स्मृति मंधाना को पांचवीं बार महिलाओं में ‘बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर’ का अवार्ड मिलेगा। डोमेस्टिक क्रिकेट में मुंबई की इरा जाधव और आयुष म्हात्रे, हरियाणा की शेफाली वर्मा और विदर्भ के हर्ष दुबे को भी उनके घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को डोमेस्टिक टूर्नामेंट्स में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम के लिए चुना गया है।
5 ICC ट्रॉफी वाली टीमों का सम्मान
इस बार के नमन अवॉर्ड्स में पहली बार कुछ बहुत बड़ा होने जा रहा है। BCCI उन सभी 5 भारतीय टीमों को सम्मानित करेगा जिन्होंने हाल ही में ICC ट्रॉफी जीती हैं। सीनियर पुरुष टीम को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और T20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत के लिए नवाजा जाएगा। सीनियर महिला टीम को विमेंस वर्ल्ड कप 2025 की जीत के लिए, पुरुष अंडर-19 टीम को वर्ल्ड कप 2026 की जीत के लिए, महिला अंडर-19 टीम को वर्ल्ड कप 2025 की जीत के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह भारतीय क्रिकेट के इतिहास का एक सुनहरा दौर है जिसे कल पूरी दुनिया देखेगी।


