पीएम मोदी के रैली से पहले कोलकात में तनाव, भाजपा और तृणमूल के कार्यकर्ताओं में हुई पत्थरबाजी

पीएम मोदी के रैली से पहले कोलकात में तनाव, भाजपा और तृणमूल के कार्यकर्ताओं में हुई पत्थरबाजी

PM Modi rally in Kolkata: कोलकाता के गिरीश पार्क इलाके में पीएम मोदी की रैली से पहले बीजेपी (BJP) और टीएमसी (Trinamool Congress) समर्थकों के बीच झड़प और पथराव हुआ। दोनों दलों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। 

PM Modi rally in Kolkata: कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले शनिवार को राजनीतिक माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। शहर के मध्य इलाके गिरीश पार्क के पास बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के बीच तीखी झड़प और पथराव की घटना सामने आई। इस घटना ने राज्य की पहले से गर्म राजनीतिक परिस्थितियों को और अधिक उग्र बना दिया। जानकारी के अनुसार यह झड़प उस समय हुई जब बीजेपी समर्थक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाली पीएम मोदी की रैली में शामिल होने के लिए नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस बीच अचानक दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते स्थिति पथराव में बदल गई, जिससे इलाके में अफरा तफरी फैल गई।

अचानक बीजेपी समर्थकों पर फेंके गए पत्थर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गिरीश पार्क के आसपास उस समय काफी संख्या में बीजेपी समर्थक रैली स्थल की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान अचानक कुछ इलाकों से पत्थर फेंके जाने लगे, जिसके बाद दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने सामने आ गए। कुछ समय के लिए इलाके में भारी तनाव की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों दलों के समर्थकों ने एक दूसरे पर पत्थर फेंके और जोरदार नारेबाजी की। इस घटना से आसपास की सड़कों पर अफरा तफरी मच गई और कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

बीजेपी और टीएमसी के आरोप प्रत्यारोप

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वे शांतिपूर्वक रैली में जा रहे थे, तभी अचानक तृणमूल समर्थकों ने उन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। बीजेपी के अनुसार इस घटना में कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है और कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया गया। दूसरी ओर ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) के स्थानीय नेताओं ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। टीएमसी कार्यकर्ताओं का कहना है कि बीजेपी समर्थकों ने पहले उन्हें गाली दी और उकसाने वाली नारेबाजी की, जिसके बाद विवाद बढ़ा। उनका यह भी आरोप है कि पत्थरबाजी उनके नेताओं के घरों की ओर भी की गई।

पुलिस की टीमें पहुंची मौके पर, इलाके की सुरक्षा बढ़ाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कुछ समय बाद हालात को काबू में कर लिया गया, हालांकि तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यह घटना ऐसे समय हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। इस रैली को बीजेपी की राज्यव्यापी परवर्तन यात्रा के समापन के रूप में देखा जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री राज्य में लगभग 18000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करने वाले हैं, जिससे इस कार्यक्रम का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *