सुल्तानपुर में गैस एजेंसी से 44 सिलेंडर जब्त:ब्लैक मार्केटिंग के आरोप में एजेंसी मालिक समेत 2 पर केस दर्ज

सुल्तानपुर में गैस एजेंसी से 44 सिलेंडर जब्त:ब्लैक मार्केटिंग के आरोप में एजेंसी मालिक समेत 2 पर केस दर्ज

सुल्तानपुर के गोसैसिंहपुर में आकांक्षा गैस एजेंसी के प्रोपराइटर के घर पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के आरोप में की गई छापेमारी में 44 सिलेंडर जब्त किए गए। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई डीएम कुमार हर्ष के निर्देश पर सप्लाई विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने की। एसडीएम कादीपुर उत्तम तिवारी और सीओ कादीपुर विनय गौतम के नेतृत्व में टीम ने दोस्तपुर स्थित प्रोपराइटर के घर पर छापा मारा। यहां से 6 भरे हुए बड़े गैस सिलेंडर, 2 भरे हुए छोटे सिलेंडर और 36 खाली सिलेंडर बरामद हुए। कुल 44 सिलेंडरों को जब्त किया गया। प्रारंभिक जांच में इन सिलेंडरों की अवैध कालाबाजारी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मौके से मनीष कुमार को हिरासत में लिया। सप्लाई इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह की तहरीर पर मनीष कुमार और राजन गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद सभी सिलेंडरों को इंडेन गैस एजेंसी दोस्तपुर में सुरक्षित रखा गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में सप्लाई इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह, थाना प्रभारी अनिरुद्ध सिंह, कस्बा इंचार्ज अनूप सिंह और कांस्टेबल आनंद सिंह की टीम शामिल थी। अधिकारियों ने बताया कि जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *