फूलों की खुशबू से महकेगा बरेली क्लब… तीन दिन सजेगा फ्लावर शो-2026 का रंगीन मेला

फूलों की खुशबू से महकेगा बरेली क्लब… तीन दिन सजेगा फ्लावर शो-2026 का रंगीन मेला

बरेली। शहर में रंग-बिरंगे फूलों की खुशबू और बागवानी का जुनून एक बार फिर देखने को मिलेगा। बरेली क्लब में 13 से 15 मार्च तक फ्लावर शो-2026 का आयोजन किया जा रहा है। हर साल की तरह इस बार भी क्लब परिसर में सैकड़ों किस्म के फूलों और आकर्षक फ्लावर अरेंजमेंट की प्रदर्शनी लगेगी, जहां शहर के फूल प्रेमी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

बागवानी के शौकीनों के लिए सुनहरा मौका

बरेली क्लब का फ्लावर शो शहर का प्रतिष्ठित आयोजन माना जाता है। इसका उद्देश्य लोगों में बागवानी के प्रति रुचि बढ़ाना और पर्यावरण को हराभरा बनाने का संदेश देना है। इस शो के जरिए शहर के लोग फूलों की नई प्रजातियां देख सकेंगे और उन्हें उगाने के अनुभव भी साझा कर सकेंगे। हर साल यह आयोजन बागवानी प्रेमियों के लिए एक बड़ा मंच बन जाता है। इस बार फ्लावर शो को सभी के लिए खुला रखा गया है। क्लब सदस्य, गैर-सदस्य, विभिन्न संस्थान, क्लब, मैस और अपार्टमेंट हाउस भी इसमें भाग ले सकते हैं। आयोजकों ने शहर के सभी फूल प्रेमियों से अपने बेहतरीन फूलों और फ्लावर अरेंजमेंट के साथ शो में हिस्सा लेने की अपील की है।

एंट्री फॉर्म भरना जरूरी, तभी मिलेगा मौका

फ्लावर शो में अपने पौधे या फूलों की सजावट प्रदर्शित करने के लिए प्रतिभागियों को एंट्री फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। यह फॉर्म क्लब कार्यालय में जमा करने के बाद प्रतिभागियों को एंट्री कार्ड दिया जाएगा, जिसके आधार पर वे अपने गमले और फ्लावर अरेंजमेंट शो में लगा सकेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक लोगों के लिए एंट्री फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 12 मार्च, दोपहर 3 बजे तय की गई है। इसके बाद ही प्रतिभागियों को प्रदर्शनी में अपने फूल और सजावट लगाने की अनुमति मिलेगी।

इन जजों की पैनी नजर में होगा फैसला

फ्लावर शो में प्रदर्शित फूलों और सजावट का मूल्यांकन करने के लिए निर्णायक मंडल भी तय कर दिया गया है। इसमें शुभाश्री सागरिका साहू, रीनू सिंह, सनी चावला, पर्निता निजहावन और राम गुप्ता शामिल हैं। यही जज विभिन्न श्रेणियों में बेहतरीन फूलों और सजावट का चयन करेंगे। आयोजकों का कहना है कि तीन दिनों तक चलने वाले इस फ्लावर शो में फूलों की खुशबू, रंगों की छटा और बागवानी का जुनून एक साथ देखने को मिलेगा, जो शहर के लोगों को प्रकृति से जुड़ने का खास अवसर देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *