फर्रुखाबाद में गैस सिलेंडर लेने के लिए गए एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। उन्हें चक्कर आने के बाद वह गिर पड़े, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें सीपीआर देने का प्रयास किया और निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि बुजुर्ग को दिल का दौरा पड़ा था। यह घटना शुक्रवार को शहर के लाल सराय स्थित गैस एजेंसी के पीछे गोदाम पर हुई। मोहल्ला मनिहारी निवासी मोहम्मद मुख्तियार सुबह घर से सिलेंडर लेने गए थे वह गोदाम पर थे, तभी उन्हें चक्कर आया और वे जमीन पर गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उनकी मदद की और सीपीआर देने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें तत्काल एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। परिजनों को सूचना मिलने पर वे भी नर्सिंग होम पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मोहम्मद मुख्तियार को मृत घोषित कर दिया। मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि वे हृदय रोग से पीड़ित थे। रोज दवा खा रहे थे। अल्तमश अंसारी ने बताया मोहम्मद मुख्तियार हमारे फूफा थे। वह सुबह पानी की टंकी के सामने गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने गए थे। वहां उनको चक्कर आया, वह गिर गए। मौजूद लोगों ने सीपीआर देने की कोशिश की। घर वालों की सूचना दी। जब हम मौके पर पहुंचे, तब तक वहां मौजूद लोग अस्पताल ले जा चुके थे। अस्पताल में डॉक्टर ने मृत बता दिया। फूफा बीमार रहते थे।


