बिजनौर शहर के नई बस्ती इलाके में एक किराना कारोबारी के घर दिनदहाड़े लाखों की चोरी हो गई। चोरों ने घर का मुख्य गेट तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। कारोबारी का मुख्य बाजार में एक बड़ा किराना प्रतिष्ठान है। यह घटना शुक्रवार को हुई, जब कारोबारी अमित अग्रवाल अपनी पत्नी चारू के साथ सुबह करीब 10:30 बजे घर पर ताला लगाकर किसी काम से गाजियाबाद गए थे। उनका बेटा रोहन अग्रवाल सुबह 9:30 बजे अपनी दुकान चला गया था। शाम को घर लौटने पर अमित अग्रवाल ने देखा कि मुख्य गेट का दरवाजा टूटा हुआ था। अंदर कमरों में रखी अलमारियां खुली थीं और लाखों के जेवर, नकदी तथा अन्य कीमती सामान गायब था।सूचना मिलने पर रोहन अग्रवाल और अन्य व्यापारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी पहचान कर तलाश में जुटी है। हालांकि, पीड़ित व्यापारी की ओर से अभी तक पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।


