Sivganga में पुलिस हिरासत में मौत : पोस्टमार्टम में 28 चोटें उजागर

Sivganga में पुलिस हिरासत में मौत : पोस्टमार्टम में 28 चोटें उजागर

डीआइजी ने इंस्पेक्टर समेत छह पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

दाहिने पैर के मध्य हिस्से में हड्डी टूटी और नसें भी प्रभावित होने का खुलासा

शिवगंगा जिले में पुलिस हिरासत के दौरान 26 वर्षीय दलित युवक आकाश डेलिसन की मौत के मामले में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर कुल 28 अलग-अलग चोटें पाई गई हैं। युवक मानामदुरै मूल का इंजीनियरिंग स्नातक था, जिसे 6 मार्च को एक अन्य गांव के निवासियों से विवाद और हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आकाश ने भागने की कोशिश की, जिससे उसे पैर में चोट आई। इसके बाद उसे इलाज के लिए मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 8 मार्च को उसकी अचानक मौत हो गई। आकाश की मौत के बाद परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने न्याय की मांग को लेकर सड़क जाम किया था।

राजाजी अस्पताल में हुआ पोस्टमार्टम

मद्रास हाईकोर्ट के आदेश पर आकाश का पोस्टमार्टम सरकारी राजाजी अस्पताल में संस्थान के प्रमुख की निगरानी में किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। शुक्रवार को जारी हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, आकाश के शरीर पर कुल 28 अंदरूनी और बाहरी चोटें पाई गई हैं। दाहिने पैर के मध्य हिस्से में हड्डी टूटने के साथ मांसपेशियां, नसें और रक्त कोशिकाएं बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिलीं।

छह पुलिसकर्मियों पर गाज, विभागीय कार्रवाई

शिवगंगा जिले के मानामदुरै में 8 मार्च को 26 वर्षीय युवक आर.आकाश डेलिसन की कथित पुलिस हिरासत में मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक एन.मणिवन्नन ने शुक्रवार को छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। निलंबित पुलिसकर्मियों में मानामदुरै के इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर शामिल हैं। मृतक आकाश डेलिसन अनुसूचित जाति से संबंध रखते थे। उनकी मौत के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने मानामदुरै नेशनल हाइवे पर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का यह प्रदर्शन मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच के आदेश के बाद गुरुवार को समाप्त हुआ।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस, रामनाथपुरम रेंज, एन.मणिवन्नन ने विभागीय कार्रवाई करते हुए छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए। आदेश में कहा गया कि यह कार्रवाई युवक की हिरासत में हुई मौत के मामले में की गई है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि मामले की जांच उच्च स्तर पर जारी है और आगे की कार्रवाई मद्रास हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।

आकाश डेलिसन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *