कानपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की संभावित किल्लत की शिकायतों पर सांसद रमेश अवस्थी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने दिल्ली से ही प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक निर्देश दिए। सांसद ने कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल से फोन पर बात कर शहर में गैस आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। सांसद अवस्थी ने दोनों अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानपुर वासियों को घरेलू गैस सिलेंडर की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने गैस एजेंसियों की गतिविधियों पर प्रशासन को पूरी सतर्कता और पैनी नजर रखने को कहा, ताकि कृत्रिम कमी या कालाबाजारी की स्थिति उत्पन्न न हो। सांसद ने जोर देकर कहा कि आम जनता को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए गए। भाजपा कानपुर क्षेत्र के मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि सांसद रमेश अवस्थी कल जिला प्रशासन के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में शहर में गैस वितरण की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। गैस एजेंसियों की आपूर्ति व्यवस्था, वितरण प्रणाली और आम जनता की समस्याओं पर चर्चा कर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। भाजपा पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सांसद रमेश अवस्थी के सक्रिय हस्तक्षेप से कानपुर में गैस आपूर्ति की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी।


