IPL 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स से हो गई बड़ी चूक! अब पूरे सीजन हो सकता है पछतावा

IPL 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स से हो गई बड़ी चूक! अब पूरे सीजन हो सकता है पछतावा

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आखिरी तीन मुकाबलों को अपने दम पर जिताने वाले संजू सैमसन इस बार नई जर्सी में नजर आएंगे। आईपीएल ऑक्शन से पहले राजस्थान रॉयल्स ने इस बल्लेबाज को चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ट्रेड कर दिया। संजू के बदले राजस्थान रॉयल्स को रवींद्र जडेजा और सैम करन मिले हैं। ये दोनों ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं। जडेजा जहां स्पिन ऑलराउंडर की भूमिका में खेलते नजर आएंगे, वहीं सैम करन पेस ऑलराउंडर के रोल में दिखेंगे। हालांकि ये दोनों खिलाड़ी मिलकर उस जगह को नहीं भर सकते, जो संजू सैमसन के जाने से राजस्थान रॉयल्स की टीम में खाली हुई है।

अब पछताएगी राजस्थान रॉयल्स?

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के पहले मुकाबले में जब भारतीय टीम साउथ अफ्रीका से हार गई, तो टीम इंडिया का आगे का सफर मुश्किल में दिखने लगा। हालांकि टीम मैनेजमेंट ने अपने प्लान में बदलाव किया और कोच व कप्तान जिस खिलाड़ी को पूरे सीजन बेंच पर बैठाने का मन बना चुके थे, उसे प्लेइंग इलेवन में शामिल करना पड़ा। प्लेइंग इलेवन में आते ही टीम इंडिया की तस्वीर बदल गई। जो टीम 200 के आंकड़े को मुश्किल से छू रही थी, वही 250 के आंकड़े को पार करने लगी। टीम इंडिया ने आखिरी चार में से तीन मुकाबलों में 250 रन के आंकड़े को पार किया।

सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में सिर्फ पांच मुकाबलों में हिस्सा लिया और टीम इंडिया के हाईएस्ट स्कोरर बन गए। उन्होंने 80.25 की औसत और 199.35 की स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। अब ऐसे बल्लेबाज और कप्तान को छोड़ना राजस्थान रॉयल्स को भारी पड़ सकता है। सैमसन ऐसे बल्लेबाज हैं, जो तेजी से रन तो बनाते ही हैं, साथ ही अपना विकेट आसानी से नहीं गंवाते। जरूरत पड़ने पर टिककर खेलने की कला भी उनमें है। नए सीजन में जब-जब सैमसन के बल्ले से रन निकलेंगे, तब-तब राजस्थान रॉयल्स और उनके फैंस को जरूर पछतावा होगा।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेले 2 सीजन

जिस फॉर्म से संजू गुजर रहे हैं, उस दौर में उन्हें छोड़ना राजस्थान रॉयल्स को भारी पड़ सकता है। संजू ने साल 2013 में आईपीएल में डेब्यू किया था और सबसे पहले राजस्थान रॉयल्स की जर्सी पहनी थी। तीन सीजन के बाद राजस्थान रॉयल्स की टीम को दो साल के लिए सस्पेंड कर दिया गया, जिसकी वजह से 2016 में संजू दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ गए।

साल 2018 में राजस्थान रॉयल्स की आईपीएल में वापसी हुई और संजू सैमसन भी अपनी पुरानी टीम में लौट आए। 26 अर्धशतक और 3 शतकों के साथ 177 मुकाबलों में 4604 रन बनाने वाले सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं। जिस तरह से वह बल्लेबाजी करते हैं, चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच उन्हें काफी रास आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *