लुधियाना जिले के माछीवाड़ा ब्लॉक समिति में आम आदमी पार्टी (AAP) की रीना रंगी को चेयरपर्सन और तेजपाल सिंह को उप-चेयरमैन नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति बिना पूर्ण बहुमत के हुई, जिस पर कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल ने विरोध जताया। पिछले वर्ष दिसंबर में हुए ब्लॉक समिति चुनावों में माछीवाड़ा ब्लॉक के 16 जोन के लिए मतदान हुआ था। इन चुनावों में आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल को 6-6 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस को 3 और भाजपा को 1 सीट प्राप्त हुई थी। किसी भी दल के पास पूर्ण बहुमत न होने के कारण चेयरमैन और उप-चेयरमैन के चुनाव की प्रक्रिया रुकी हुई थी। इससे पहले, माछीवाड़ा के बीडीपीओ कार्यालय में चेयरमैन पद के चुनाव के लिए सभी पार्टियों को बुलाया गया था। हालांकि, शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस ने समर्थन देने से साफ इनकार कर दिया था, जिस कारण चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। एसडीएम के निर्देश पर कराया गया चुनाव शुक्रवार को एसडीएम समराला गुरसिमरनजीत कौर के निर्देशों पर माछीवाड़ा के बीडीपीओ कार्यालय में दोबारा चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान केवल आम आदमी पार्टी के 6 सदस्य ही बैठक में मौजूद थे, और उन्हीं में से रीना रंगी को चेयरपर्सन तथा तेजपाल सिंह को उप-चेयरमैन चुन लिया गया। इस अवसर पर हलका विधायक जगतार सिंह दयालपुरा, नायब तहसीलदार राजेश आहूजा, बीडीपीओ माछीवाड़ा रूपिंदर कौर, मार्केट कमेटी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह गिल और आम आदमी पार्टी के ब्लॉक समिति सदस्य उपस्थित थे। चुनाव प्रक्रिया इतनी तेजी से पूरी की गई कि इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी। प्रक्रिया संपन्न होने के कुछ ही मिनटों बाद विधायक दयालपुरा, एसडीएम कौर, बीडीपीओ और अन्य अधिकारी चुपचाप वहां से निकल गए। किसी भी अधिकारी ने मीडिया को जानकारी देना उचित नहीं समझा। शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस ने जताया विरोध उनके निकलने के बाद शिरोमणि अकाली दल के ब्लॉक समिति मेंबर व उनकी पार्टी के नेता ज़िला परिषद मेंबर हरजोत सिंह मांगट, हरजतिंदर सिंह इत्यादि बीडीपीओ माछीवाड़ा के दफ्तर पहुंचे। यहां आकर उन्होंने पंजाब सरकार व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबा की और आरोप लगाया कि उनको आज के सेशन के बारे में कोई जानकारी नहीं है और ना ही कोई बुलावा आया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार और प्रशासन द्वारा बिना किसी पार्टी को बताए सिर्फ आम आदमी पार्टी के जीते हुए ब्लॉक समिति मेंबरों की मौजूदगी में ये चुनाव कर लिया है, ये लोकतंत्र की हत्या है। इसके उपरांत कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा भी इस चुनाव प्रक्रिया का विरोध किया गया। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष परमिंदर तिवाड़ी ने बताया कि मौजूदा विधायक ने कानून को दरकिनार कर इस चुनाव प्रक्रिया में अपना चेयरमैन और उप चेयरमैन बनाया है जो कि नियमों के उलट है। एसडीएम बोलीं- नियमों के अनुसार हुआ चुनाव जब इस बारे में एसडीएम समराला गुरसिमरनजीत कौर से पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि नियमों के अनुसार इस चुनाव के लिए कोरम पूरा होना ज़रूरी नहीं होता, बल्कि हाजिर मेंबरों में से ये चुनाव करवाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारे दफ्तर से 24 घंटे पहले आज के चुनाव के लिए नोटिस बीडीपीओ माछीवाड़ा के दफ्तर भेज दिया गया था, अब ये जांच का विषय है कि बीडीपीओ ने वो नोटिस आगे पार्टियों को भेजा या नहीं।


