कलेक्टर ने कोपेडीह में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं:बख्शी स्कूल की आधुनिक ‘स्पेस लैब’ का भी किया निरीक्षण

कलेक्टर ने कोपेडीह में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं:बख्शी स्कूल की आधुनिक ‘स्पेस लैब’ का भी किया निरीक्षण

राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव ने जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण व्यवस्था का जायजा लेने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे तकनीकी नवाचारों का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम कोपेडीह पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर सीधा संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने राजस्व, भू-अभिलेख सुधार और अन्य विकास कार्यों से संबंधित अपनी समस्याएँ बताईं। ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने अधिकारियों को 21 मार्च को ग्राम कोपेडीह में ही एक विशेष राजस्व शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इस शिविर में नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और ऋण पुस्तिका से संबंधित लंबित मामलों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, जाति, निवास और आय प्रमाण पत्रों से जुड़े प्रकरणों का भी निपटारा किया जाएगा। कलेक्टर ने शिविर में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिविर की सूचना गांव के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इसका लाभ उठा सकें। ग्रामीण दौरे के बाद कलेक्टर ने डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्कूल का भी दौरा किया। यहां उन्होंने स्थापित अत्याधुनिक प्लैनेटेरियम और स्पेस लैब का निरीक्षण किया, जो छात्रों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन रही है। इस लैब में 1975 के ‘आर्यभट्ट’ से लेकर ‘चंद्रयान’ तक के सभी प्रमुख उपग्रहों के मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। यहां 3D प्रिंटिंग मशीन, ड्रोन और अंतरिक्ष रोवर्स/लैंडर्स के वर्किंग मॉडल भी उपलब्ध हैं। छात्र वर्चुअल रियलिटी (वीआर) हेडसेट के माध्यम से ग्रहों, ऑर्बिट और खगोलीय घटनाओं का वास्तविक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे। कलेक्टर यादव ने शिक्षकों से चर्चा करते हुए कहा कि ऐसी सुविधाएं छात्रों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देंगी। उन्होंने शिक्षा में आधुनिकता लाने के लिए लैब का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का लक्ष्य एक ओर सरकारी सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना है, वहीं दूसरी ओर सरकारी स्कूलों के बच्चों को भविष्य की तकनीक के लिए तैयार करना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *