पीलीभीत में दरोगा भर्ती परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण:डीएम-एसपी ने अलविदा जुमा नमाज पर भी रखी नजर

पीलीभीत में दरोगा भर्ती परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण:डीएम-एसपी ने अलविदा जुमा नमाज पर भी रखी नजर

पीलीभीत में आगामी पुलिस भर्ती परीक्षा को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने और अलविदा जुमा की नमाज के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शुक्रवार, 13 मार्च 2026 को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों और संवेदनशील क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया। उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और नकल विहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। अधिकारियों ने चयनित प्रमुख परीक्षा केंद्रों का दौरा किया।इनमें पीएम ड्रमण्ड इंटर कॉलेज, सिद्दीकी नेशनल इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रामा इंटर कॉलेज और उपाधि महाविद्यालय शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, परीक्षार्थियों के प्रवेश और निकास की व्यवस्था, सघन चेकिंग प्रक्रिया, स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा और बैठने की समुचित व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया गया।केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए गए कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता न किया जाए। साथ ही, यातायात व्यवस्था को इस प्रकार सुव्यवस्थित रखने को कहा गया ताकि परीक्षार्थियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।पवित्र रमजान माह के अलविदा जुमा की नमाज के अवसर पर शहर की जामा मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखे गए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं जामा मस्जिद पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली गई, जिसके जरिए मस्जिद और घनी आबादी वाले क्षेत्रों की ऊंचाई से निगरानी की गई। संबंधित अधिकारियों को पुलिस बल के साथ निरंतर क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की अफवाह या अप्रिय घटना को रोकने के लिए खुफिया तंत्र को भी सक्रिय रहने को कहा गया है।प्रशासन की इस सक्रियता का उद्देश्य जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और महत्वपूर्ण आयोजनों को बिना किसी बाधा के संपन्न कराना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *