राइस मिल में लगी भीषण आग! हजारों क्विंटल धान जलकर राख, दूर तक दिखा धुएं का गुबार

राइस मिल में लगी भीषण आग! हजारों क्विंटल धान जलकर राख, दूर तक दिखा धुएं का गुबार

CG Fire News: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ शहर से करीब 6 किलोमीटर दूर कटेली रोड स्थित केजरी राइस मिल में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि मिल परिसर में रखे हजारों क्विंटल धान इसकी चपेट में आ गए। घटना में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था और दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए थे।

CG Fire News: दो घंटे बाद भी नहीं बुझी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं, जिसे दूर से भी देखा जा सकता था। कटेली रोड से गुजरने वाले राहगीरों में भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन दो घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।

धान और भूसे के कारण तेजी से फैली आग

मिल परिसर में हजारों क्विंटल धान का स्टॉक रखा हुआ था। साथ ही बड़ी मात्रा में सूखा भूसा भी मौजूद था, जिसने आग को तेजी से फैलने में ईंधन का काम किया। इसी कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि आसपास के खेतों में पराली जलाने के कारण आग भड़ककर राइस मिल तक पहुंच गई होगी। मामले की जांच की जा रही है।

प्रशासन और कर्मचारी जुटे बचाव में

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, दमकल विभाग और मिल के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। सभी मिलकर आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। जिला राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *