दो रेलवे क्रॉसिंग पर 97.07 करोड़ से बनेगा आरओबी:फर्रुखाबाद के देवरामपुर और नगला खैर पर आवागमन होगा आसान

दो रेलवे क्रॉसिंग पर 97.07 करोड़ से बनेगा आरओबी:फर्रुखाबाद के देवरामपुर और नगला खैर पर आवागमन होगा आसान

फर्रुखाबाद में पूर्वोत्तर रेलवे के कानपुर-कासगंज रेल सेक्शन पर दो रेलवे उपरिगामी सेतु (आरओबी) बनाए जाएंगे। ये आरओबी फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मार्ग पर स्थित देवरामपुर और नगला खैर रेल क्रॉसिंग पर बनेंगे। व्यय वित्त समिति ने इस परियोजना के लिए 97.07 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। सदर विधायक मेजर सुनील द्विवेदी ने बताया कि प्रस्तावित आरओबी की कुल लंबाई 1013.71 मीटर होगी। यह दोनों क्रॉसिंग के ऊपर से संयुक्त रूप से बनाया जाएगा। सेतु निगम दोनों क्रॉसिंग के बीच स्थानीय लोगों के आवागमन के लिए दोनों ओर रैंप की व्यवस्था करेगा। रेलवे की ओर से दोनों क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने का भी प्रस्ताव है। विधायक द्विवेदी ने बताया कि व्यय वित्त समिति से अनुमोदन मिल चुका है और जल्द ही शासनादेश जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। वर्तमान में इन दोनों रेल क्रॉसिंग के लंबे समय तक बंद रहने के कारण शहर में अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। यह मार्ग आलू और गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ-साथ दिल्ली जाने वाली बसों का भी मुख्य रास्ता है। आरओबी बनने के बाद लोगों को जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव और उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के प्रबंध निदेशक से कई बार मुलाकात कर इस परियोजना को प्राथमिकता देने की मांग की थी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *