कानपुर में केस्को ने शुक्रवार से स्मार्ट प्रीपेड बिजली व्यवस्था को पूरी तरह लागू कर दिया है। अब 13 मार्च के बाद यदि प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ता के खाते का बैलेंस निगेटिव होता है तो उसकी बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाएगी।
केस्को के मीडिया प्रभारी देवेंद्र वर्मा के मुताबिक शहर में अब तक 1.39 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से करीब 0.91 लाख मीटरों को प्रीपेड प्रणाली में बदला जा चुका है।
वर्तमान में लगभग 69 हजार स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं पर करीब 12.5 करोड़ रुपए का बिजली बिल बकाया है। विभाग का कहना है कि प्रीपेड व्यवस्था लागू होने से बकाया की समस्या कम होगी और उपभोक्ता उतनी ही बिजली इस्तेमाल कर सकेंगे, जितना वे रिचार्ज कराएंगे।
बिजली कनेक्शन चालू रखने के लिए उपभोक्ताओं को समय-समय पर अपने स्मार्ट मीटर का रिचार्ज कराना होगा। रिचार्ज की सुविधा यूपीपीसीएल की वेबसाइट, यूपीआई एप और केस्को के विभागीय काउंटरों पर उपलब्ध है।
केस्को ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर रिचार्ज कराते रहें, ताकि बैलेंस निगेटिव होने पर बिजली आपूर्ति बंद होने की स्थिति से बचा जा सके।


