झांसी में एक युवक ने महिला पर ब्लैकमेल कर रुपए वसूलने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसकी इंस्टाग्राम के जरिए महिला से दोस्ती हुई थी। तब महिला ने खुद को अविवाहित बताया था। मगर बाद में पता चला कि वो शादीशुदा है और उसका 15 साल का एक बेटा है। तब दूरी बनाने पर महिला शादी का दबाव बनाने लगी। आरोप है कि मना करने पर 5 लाख रुपए मांगे। पैसे न देने पर केस में फंसाने की धमकी दी। युवक ने प्रेमनगर थाने में महिला के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुलाकात करने पर सच पता चला गढ़ियागांव के ठाकुर बाबा मंदिर के पास रहने वाले विक्की उर्फ विपिन सोनी ने पुलिस को बताया कि कुछ वर्ष पहले उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर निधि साहू नाम की महिला से दोस्ती हुई थी। महिला ने खुद को अविवाहित बताते हुए बातचीत शुरू की। कई महीनों तक सोशल मीडिया पर बातचीत के बाद जब दोनों की मुलाकात हुई। तब युवक को पता चला कि महिला पहले से शादीशुदा है। उसका 15 साल का बेटा भी है। युवक का आरोप है कि इसके बाद उसने महिला से संपर्क खत्म करने की कोशिश की, लेकिन महिला लगातार उससे संपर्क करती रही। घर आकर हंगामा करने लगी। परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने लगी। डरकर वह अब तक उसे करीब 1.5 से 2 लाख रुपए दे चुका है। पिछले तीन-चार महीनों से वह युवक पर जबरन शादी का दबाव बना रही है। ऐसा न करने पर 5 लाख रुपए देने की मांग कर रही है। रुपए देने से मना करने पर महिला उसके और उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है। उसकी शिकायत की पुलिस ने सुनवाई नहीं की। आखिरकार उसे कोर्ट की शरण में जाना पड़ा। कोर्ट के आदेश पर प्रेमनगर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय के मुताबिक मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की पड़ताल कराई जा रही है।


