सहारनपुर में युवक की बेल्टों से पीटा:दो नामजद, पांच अज्ञात पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

सहारनपुर में युवक की बेल्टों से पीटा:दो नामजद, पांच अज्ञात पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र में एक युवक के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दो नामजद और पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवक को बेल्टों से पीटते दिख रहे हैं। पीड़ित युवक भानू शर्मा (पुत्र मोहनलाल शर्मा, निवासी बेहट रोड दुर्गापुरी कॉलोनी) ने थाना मंडी में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि इलाके के आदित्य (पुत्र सोमपाल) और संयम सहित 4-5 अन्य युवक अक्सर नशे में गली में घूमते हैं और विवाद करते हैं।
भानू शर्मा के अनुसार, 21 फरवरी 2026 को भी इन युवकों ने उनके और उनके दोस्तों के साथ मारपीट की थी और उनकी एक्टिवा को क्षतिग्रस्त कर दिया था। उस समय उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं की थी। पीड़ित ने यह भी बताया कि 9 मार्च 2026 को उनके मोबाइल नंबर पर एक वीडियो पोस्ट साझा की गई थी। इस वीडियो में आरोपी युवक गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे थे। आरोप है कि आरोपियों के पास अवैध तमंचा और चाकू भी थे, जिससे पीड़ित और उनका परिवार भयभीत है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना मंडी पुलिस ने आदित्य और संयम को नामजद करते हुए पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रहे अन्य युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *