बिलासपुर में एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर दो मकानों में जा घुसा। इस हादसे में ट्रेलर ने पहले एक मकान को तोड़ा और फिर पास के घर की दुकान की दीवार तोड़ दी। जिससे एक युवक और बुजुर्ग महिला घायल हो गई, जबकि घर और दुकान में रखा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना सीपत थाना क्षेत्र की है। कोरबा तरफ जा रही तेज रफ्तार ट्रेलर सीपत के देवतला मोड़ पर अनियंत्रित हो गई, जिससे दो मकान और दुकान क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह पहले हीरा बाई सूर्यवंशी के ईंटों के मकान को तोड़ते हुए सीधे मीरा अग्रवाल के घर और दुकान की दीवार तोड़कर अंदर घुस गया। इस हादसे के समय मीरा अग्रवाल का बेटा शिवम घर के बाहर ऑटो साफ कर रहा था। मलबे की चपेट में आने से वह घायल हो गया। वहीं पड़ोसी हीरा बाई के पैर में भी गंभीर चोट आई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान में रखा राशन और घर के बर्तन-कपड़े मलबे में तब्दील हो गए। हादसे में 15 लाख से अधिक का नुकसान
पीड़ित परिवार ने शिकायत में 15 लाख रुपए से अधिक के नुकसान की बात कही है। वाहन संजय अग्रवाल का बताया जा रहा है और इसका प्रबंधन निखिल अग्रवाल देखते हैं। फिलहाल, पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता बोलीं-आजीविका पर संकट
पीड़िता मीरा अग्रवाल ने बताया कि उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन किराना दुकान थी, जो इस घटना में पूरी तरह बर्बाद हो गई। दुकान में रखा पूरा सामान भी नष्ट हो गया। रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग
देवतला मोड़ के निवासियों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार आए दिन हादसों को न्योता दे रही है। ग्रामीणों ने यहां गति नियंत्रण के उपाय करने की मांग प्रशासन से कई बार की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।


