डूंगरपुर के सागवाड़ा थाना क्षेत्र के सेलोता गांव में एक शादी समारोह के दौरान एक युवक की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बांसवाड़ा जिले के तलवाड़ा निवासी रोहित (20) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। जानकारी के अनुसार, रोहित अपने दोस्तों आतिश और सुनील के साथ सेलोता गांव में शादी में शामिल होने आया था। शादी की रस्मों के बाद तीनों दोस्त गांव के पास एक कुएं की तरफ गए थे। बताया जा रहा है कि जब उसके दोस्त शौच के लिए पास ही गए, तब रोहित कुएं के पास बैठा था। इसी दौरान वह अचानक बेकाबू होकर गहरे कुएं में गिर गया।
जब दोस्त वापस लौटे तो रोहित वहां नहीं मिला। तलाश करने पर वह कुएं के अंदर डूबा हुआ पाया गया। शोर मचाने पर शादी में आए बारातियों ने तुरंत कुएं में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद रोहित को बाहर निकाला। परिजन और दोस्त उसे तुरंत गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।् पुलिस ने सागवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


