चलती बस से अचानक कूद गई महिला, पति सोता रह गया… दिल्ली से लौटते समय रास्ते में खत्म हो गई जिंदगी

चलती बस से अचानक कूद गई महिला, पति सोता रह गया… दिल्ली से लौटते समय रास्ते में खत्म हो गई जिंदगी

गोंडा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। परसपुर बाजार के पास चलती बस से कूदकर 42 वर्षीय महिला ने जान दे दी। महिला अपने पति के साथ दिल्ली से घर लौट रही थी। रास्ते में अचानक उसने बस की खिड़की से छलांग लगा दी। जिससे उसकी मौत हो गई।

गोंडा जिले के परसपुर बाजार इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना हो गई। यहां चलती बस से कूदने के बाद 42 वर्षीय अंजू देवी की मौत हो गई। वह अपने पति जीवन के साथ दिल्ली से तरबगंज क्षेत्र के अपने गांव गढ़वली वापस लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी दिल्ली से बस के जरिए घर आ रहे थे। सफर के दौरान जीवन को नींद आ गई थी। इसी दौरान बस जब परसपुर बाजार के पास पहुंची। तभी अंजू देवी ने अचानक बस की खुली खिड़की से छलांग लगा दी। बस में मौजूद यात्रियों और चालक को जब इस घटना की जानकारी हुई तो तुरंत बस रोकी गई और महिला को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मानसिक बीमारी से परेशान थी महिला दिल्ली में चल रहा था इलाज

पति जीवन ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल गए थे। अंजू देवी पिछले करीब दस दिनों से मानसिक बीमारी का इलाज करा रही थीं। उनके सिर में दो गांठें भी थीं। जिनके बारे में डॉक्टरों ने दवाइयों से ठीक होने की संभावना बताई थी।

घटना के बाद से बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल

परिवार के अनुसार अंजू देवी अपनी बीमारी को लेकर काफी परेशान और तनाव में रहती थीं। उन्हें यह डर था कि शायद वह ठीक नहीं हो पाएंगी। अंजू देवी अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गई हैं। जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। परसपुर थाना प्रभारी कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *