मैनपुरी में एक महिला यूट्यूबर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में महिला अपने दोस्तों के साथ खड़ी होकर पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु लहराते हुए रील बनाती नजर आ रही है। वायरल वीडियो में दिख रही यूट्यूबर की पहचान अंजलि चौहान के रूप में हुई है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए सवाल उठाए और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। मामले के चर्चा में आने के बाद अंजलि चौहान ने इस पूरे प्रकरण पर अपनी सफाई दी है। अंजलि चौहान ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो में दिख रही वस्तु असली पिस्टल नहीं, बल्कि एक लाइटर गन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक ऐसा लाइटर है जो हूबहू पिस्टल जैसा दिखता है और इसमें गैस भरकर इस्तेमाल किया जाता है।
उन्होंने बताया कि वह अपने फॉलोअर्स के लिए कुछ नया और अलग कंटेंट बनाना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने इस लाइटर गन के साथ रील बनाई थी। उनका कहना है कि उन्होंने यह लाइटर केवल वीडियो बनाने के उद्देश्य से खरीदा था। अंजलि चौहान ने कहा कि उनका किसी भी तरह की अराजकता फैलाने या गलत संदेश देने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने कई अन्य यूट्यूबर्स को इस तरह की रील बनाते देखा था, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने भी यह वीडियो बनाया। हालांकि, वीडियो के वायरल होने और बढ़ती चर्चाओं को देखते हुए अंजलि चौहान ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि यदि इस वीडियो से किसी को ठेस पहुंची है या कानून का उल्लंघन हुआ है, तो वह इसके लिए खेद व्यक्त करती हैं।


