हाथरस के जोगीपुरा गांव में एक 24 वर्षीय युवक ने देर रात आत्महत्या का प्रयास किया। युवक ने अपनी पत्नी के मायके से घर लौटने से इनकार करने पर यह कदम उठाया। उसने धारदार हथियार से अपनी गर्दन, सीने और हाथ की नसें काट लीं, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के जोगीपुरा गांव निवासी विशाल (24) पुत्र ऋषि कुमार एक बड़े वाहन का चालक है। जानकारी के अनुसार, विशाल की शादी डेढ़ साल पहले सिकंद्राराऊ में हुई थी। कुछ समय से विशाल की पत्नी अपने मायके में रह रही थी। विशाल ने उससे घर वापस आने को कहा, लेकिन पत्नी ने लौटने से मना कर दिया। इसी बात से नाराज होकर विशाल ने यह आत्मघाती कदम उठाया। उपचार के लिए जिला अस्पताल में कराया भर्ती आत्महत्या के प्रयास में विशाल ने अपनी गर्दन और हाथों की नसें काट लीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। विशाल के कोई संतान नहीं है।


