भास्कर न्यूज |लुधियाना विधायक अशोक पराशर पप्पी के नेतृत्व और डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन के निर्देशों के अनुसार सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत लाभार्थियों के स्वास्थ्य कार्ड बनाने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। पंजाब सरकार की योजना के तहत राज्य के पात्र परिवारों को हर साल 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपलब्ध कराया जाता है। योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को महंगे इलाज के खर्च से राहत देना है। योजना के तहत पात्र लाभार्थी अपने स्वास्थ्य कार्ड नजदीकी सेवा केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र या सरकार द्वारा लगाए जा रहे विशेष कैंपों में बनवा सकते हैं। जिला प्रशासन के सहयोग से गलाडा की ओर से हाल ही में हल्का सेंट्रल के विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाए गए। ये कैंप डी.डी. जैन कॉलेज, सिविल अस्पताल, सिल्वर स्पोर्ट्स कॉन्वेंट स्कूल, नगर निगम कार्यालय जोन-बी, गलाडा कार्यालय, गुरुद्वारा गुरु नानक सेवक सिंह सभा और शाहतलाई मंदिर में आयोजित किए गए। इन कैंपों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी रजिस्ट्रेशन करवाई और योजना के तहत स्वास्थ्य कार्ड बनवाए। इन विशेष कैंपों के दौरान 7000 से अधिक लोगों ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य कार्ड बनवाए और योजना के लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिला प्रशासन ने शहर के लोगों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करें।


