दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में मछली मंडी के पास बुधवार देर रात को भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम कर रही हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत और बचाव कार्य जारी है और अभी किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। मामले में अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। आज की अन्य बड़ी खबरें… तेलंगाना- कविता की भूख हड़ताल में बेटे आदित्य भी शामिल, वेलुगुमटला के पीड़ितों को घर के लिए जगह देने की मांग तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष के कविता वेलुगुमटला के पीड़ितों को घर की जगह देने की मांग को लेकर तीन दिन से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी हैं। उनके समर्थन में बुधवार को उनके बेटे आदित्य कलवकुंतला भी हैदराबाद के बंजारा हिल्स स्थित पार्टी ऑफिस में प्रदर्शन में शामिल हुए। आदित्य हाल ही में अमेरिका से पढ़ाई पूरी कर भारत लौटे हैं और कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में अपनी मां के साथ सक्रिय रूप से नजर आए हैं। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर सरकार से मांग की है कि वेलुगुमटला के प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द घर की जगह उपलब्ध कराई जाए।
भास्कर अपडेट्स:दिल्ली में उत्तम नगर की मछली मंडी के पास आग लगी, दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं


