भवन निर्माण अधूरा, छत अभी भी टिकी हुई है बल्ली और फंटों के सहारे

भवन निर्माण अधूरा, छत अभी भी टिकी हुई है बल्ली और फंटों के सहारे

प्रतापगढ़. कस्बे के एकमात्र कन्या महाविद्यालय का भवन निर्माण कार्य शुरू होने के डेढ़ वर्ष बाद भी पूरा नहीं हो सका है। भवन के अभाव में महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां फिलहाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के तीन कमरों में संचालित की जा रही हैं, जिससे छात्राओं को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्ववर्ती सरकार के दौरान थानागाजी विधायक के प्रयासों से प्रतापगढ़ में कन्या महाविद्यालय की स्थापना की गई थी। छात्राओं की पढ़ाई प्रारंभ करने के लिए राज्य सरकार ने अस्थायी व्यवस्था के रूप में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के तीन कमरों में कक्षाएं शुरू करवाई थी। बाद में ठेकेदार ने सितंबर 2023 में महाविद्यालय भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ किया। नियमानुसार भवन को अक्टूबर 2024 तक पूर्ण कर शिक्षा विभाग को सौंपा जाना था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। भवन की छत अभी भी बल्ली और फंटों के सहारे टिकी हुई है।कॉमन बाथरूम से छात्राएं परेशान

महाविद्यालय का अलग परिसर नहीं होने के कारण छात्राओं को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कॉमन बाथरूम का ही उपयोग करना पड़ रहा है। छात्राओं को स्कूल के विद्यार्थियों के बीच रहकर पढ़ाई करनी पड़ती है। कई बार कुछ छात्रों की ओर से फब्तियां कसने की शिकायतें भी सामने आती हैं, जिससे छात्राएं असहज महसूस करती हैं।तीन कमरों में पढ़ाई और कार्यालय

फिलहाल कॉलेज की पूरी व्यवस्था तीन कमरों में संचालित हो रही है। एक कमरे में कार्यालय और शेष दो कमरों में चार सेमेस्टर की छात्राओं को पढ़ाया जा रहा है। सीमित स्थान के कारण पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है।

यह बोले जिम्मेदार

कन्या महाविद्यालय के निर्माण कार्य की शुरुआत सितंबर 2023 में की गई थी और इसे अक्टूबर 2024 तक पूरा करना था। राज्य में चुनाव, सरकार परिवर्तन और सार्वजनिक निर्माण विभाग से समय पर बजट नहीं मिलने के कारण कार्य लंबित है। विभाग से अब तक लगभग एक करोड़ रुपए ही प्राप्त हुए हैं। प्रयास है कि जून 2026 तक भवन का निर्माण पूरा कर कॉलेज प्रशासन को सौंप दिया जाएगा।

डालचंद सैनी, ठेकेदार, निर्माणाधीन भवन कन्या महाविद्यालय, प्रतापगढ़।

……………

कन्या कॉलेज का धीमा निर्माण से दो कमरों में 500 छात्राओं को पढ़ाने सहित मूलभूत सुविधाओं में अव्यवस्था हो रही है। बार-बार पीडब्ल्यूडी व ठेकेदार से बात होने पर जल्दी ही कार्य पूर्ण का आश्वासन दिया जा रहा है।

दीपांकर जलुथूरिया, अधीक्षक, राजकीय कन्या महाविद्यालय प्रतापगढ़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *