हरियाणा के कुरुक्षेत्र में लाडवा-यमुनानगर हाईवे पर सड़क हादसे में 22 साल के अग्निवीर जवान और उसकी भतीजी की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा अभि (13) जख्मी हो गया। अभि का कुरुक्षेत्र के प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा कर खेत में पलट गई। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अग्निवीर आर्यन और 11 साल की कनिका निवासी बडौंदा के रूप में हुई। पुलिस ने चाचा-भतीजी के शव को कब्जे में लेकर मॉर्चरी में रखवा दिया है। कल सुबह पुलिस उनके शव का पोस्टमॉर्टम करवाएगी। उधर, चाचा-भतीजी की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। लाडवा से लौट रहे थे घर पुलिस के मुताबिक, आर्यन अपनी भतीजी कनिका व भतीजे अभि के साथ कार में सवार होकर लाडवा गया था। शाम को तीनों में वापस अपने घर आ रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8 बजे गांव लाठी धनौरा-जैनपुर जाटान के बीच उनकी कार बेकाबू होकर सड़क के किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। पेड़ से टकरा कर कार खेत में पलट गई। आसपास के लोगों ने निकाला घटना के बाद आसपास के गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और तीनों को कार से बाहर निकाल कर लाडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने आर्यन व कनिका की जांच करके उनको मृत घोषित कर दिया। वहीं अभि की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया। पुलिस कर रही मामले की जांच उधर, थाना लाडवा के SHO गुरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आर्यन और कनिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिवार तक सूचना पहुंचा दी गई है। पुलिस कल परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


