अंबाजी मंदिर का अत्याधुनिक मोबाइल एप लॉन्च

अंबाजी मंदिर का अत्याधुनिक मोबाइल एप लॉन्च

प्रसाद बुकिंग से लेकर डोनेशन तक सभी सुविधाएं होंगी उपलब्ध

पालनपुर. शक्तिपीठ अंबाजी में आने वाले लाखों भक्तों की सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए श्री आरासुरी अंबाजी माता देवस्थान ट्रस्ट की ओर से अत्याधुनिक मोबाइल एप्लिकेशन तैयार की गई है।
बनासकांठा जिला कलक्टर सह ट्रस्ट के चेयरमैन मिहिर पटेल ने इस अत्याधुनिक मोबाइल एप को विधिवत लॉन्च किया। यह एप्लिकेशन गूगल प्ले स्टोर और एप्पल आई स्टोर पर उपलब्ध है, इसके माध्यम से श्रद्धालु अब कहीं से भी मंदिर की विभिन्न सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
इसके साथ ही अंबाजी मंदिर डिजिटल बन गया है। अंबाजी दर्शन अब और भी सुविधाजनक हो गए हैं। यह मोबाइल एप्लिकेशन भक्तों के लिए नि:शुल्क बनाया गया है।
इसमें श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का समय, जनरल डोनेशन, सुवर्ण शिखर दान, भोजनालय के लिए दान, प्रसाद की ऑनलाइन बुकिंग और ई-स्टोर आदि सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त भादरवी पूर्णिमा के मेलेे के दौरान पदयात्रा संघों के लिए रजिस्ट्रेशन और सेवा कैंप की जानकारी भी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होगी।
उल्लेखनीय है कि ट्रस्ट की ओर से हर वर्ष प्रसाद के लगभग 1 करोड़ 20 लाख पैकेट वितरित किए जाते हैं और ट्रस्ट को करोड़ों रुपए का दान प्राप्त होता है। इस नई तकनीक और सेंट्रलाइज्ड सर्वर के माध्यम से अधिक अच्छा संचालन और सुविधा सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *