सयाजीगंज के विधायक रोकडि़या ने पत्नी संग निभाई कन्यादान की रस्म
वडोदरा. कभी अपनों द्वारा ठुकराई गई दीपा ने जतिन के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत की। वडोदरा के नारी संरक्षण गृह में आश्रित इस बेटी की शादी बुधवार को हुई। सयाजीगंज के भाजपा सयाजीगंज के विधायक केयूर रोकडि़या ने पत्नी संग कन्यादान की रस्म निभाई। इस दौरान संरक्षण गृह में उत्साह का माहौल रहा। विदाई के समय दीपा और उसकी सखियों की आंखें भर आईं।
परिवार जैसी गर्मजोशी और घर जैसी छाया देने वाला एक सुरक्षित आश्रय स्थल नारी संरक्षण गृह इस दौरान बुधवार को खुशियों के माहौल से जगमगा उठा। यहां पिछले 14 वर्षों से रह रही आश्रित बेटी दीपा के विवाह का विशेष अवसर था। बेटी के चेहरे की मुस्कान और नम आंखों में झलकता अटूट विश्वास सरकार के संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण का जीवंत प्रमाण बन गया। बेटी के विवाह का पूरा खर्च सरकार की ओर से वहन किया गया। सभी रीति-रिवाजों और वैदिक विधियों के साथ भव्य आयोजन किया गया। ताकि बेटी को परिवार की कमी महसूस न हो और उसे सम्मानपूर्वक उसके नए घर विदा किया जा सके।
परिवार ने ठुकराया
दीपा को वर्ष 2012 में उसके परिवार ने किसी कारणवश छोड़ दिया था। तब से नारी संरक्षण गृह ही उसका परिवार बना रहा। यहीं उसे शिक्षा, संस्कार और आत्मविश्वास मिला। उसका जीवनसाथी जतिन अहमदाबाद का निवासी है और एक निजी कंपनी में सिविल इंजीनियर के रूप में कार्यरत है। उसे करीब 55,000 रुपए मासिक वेतन मिलता है और उसका परिवार भी इस रिश्ते से खुश है।


