कानपुर के पनकी इलाके में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति ने बेड पर पत्नी का शव पड़ा देखा तो 112 नंबर डायल कर पुलिस और ससुराल पक्ष को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पनकी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पनकी थाना क्षेत्र के गंगागंज स्थित हरि कॉलोनी की रहने वाली 22 वर्षीय मुमतहा की शादी करीब एक साल पहले इसी इलाके के शोएब खान से हुई थी। मृतका के पिता मोहम्मद अकबरपुर, निवासी महावीर पुरम गुलाबी कॉलोनी, ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही शोएब शराब के नशे में उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। बताया गया कि मारपीट से परेशान होकर मुमतहा कल्याणपुर के एक होटल में प्राइवेट नौकरी करने लगी थी। इसके बावजूद जब वह शाम को घर लौटती थी तो पति उसके साथ झगड़ा और मारपीट करता था। मुमतहा कई बार फोन कर अपने मायके वालों को इसकी जानकारी देती थी, जिसके बाद परिजन आकर दोनों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा देते थे। पति बोला- फंदा टूटने से बेड पर गिर गई
परिजनों के मुताबिक बुधवार को मुमतहा रोज की तरह ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका पति शोएब से विवाद हो गया और उसने उसे ड्यूटी पर जाने से रोक दिया। शोएब का कहना है कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से परेशान रहती थी। वह किसी काम से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान पत्नी ने कमरे का दरवाजा बंद कर दुपट्टे के सहारे पंखे से फांसी लगा ली। उसका कहना है कि दुपट्टा फट जाने से वह फंदे से गिरकर बेड पर आ गिरी। करीब दो बजे जब वह घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी कोई आवाज नहीं आई तो वह पीछे के दरवाजे से कमरे में दाखिल हुआ। अंदर जाकर देखा तो पत्नी का शव बेड पर पड़ा था और गले में दुपट्टा बंधा हुआ था। यह देख उसके होश उड़ गए। इसके बाद उसने ससुराल पक्ष को सूचना देने के साथ ही 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पनकी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं लड़की पक्ष के लोगों ने पति पर मारपीट कर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि लड़की पक्ष की ओर से पति पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पति ने पूछताछ में बताया है कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से परेशान रहती थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


