लखनऊ में अवैध निर्माण के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया। थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के गोमती नगर विस्तार स्थित सेक्टर-7 में अवैध प्लॉटिंग के अंदर बने चार मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने की। अधिकारियों के मुताबिक जिस जमीन पर ये मकान बने थे, वहां बिना लेआउट स्वीकृति के कॉलोनी विकसित की गई थी और मकानों का नक्शा भी प्राधिकरण से पास नहीं कराया गया था। प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि अखंड प्रताप सिंह व अन्य लोगों द्वारा अवैध तरीके से प्लॉटिंग कर कॉलोनी विकसित की गई थी। इस प्लॉटिंग में कुल 33 मकानों पर एलडीए की कार्रवाई चल रही है। इनमें से चार मामलों में आवास एवं शहरी नियोजन विभाग में दायर अपील खारिज हो चुकी थी, जिसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। मंगलवार सुबह ग्रीन कॉरिडोर के तीसरे चरण का निरीक्षण करने पहुंचे एलडीए उपाध्यक्ष ने अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर दिलीप यादव, ललित कुमार तिवारी, पूजा पांडेय और शीलू समेत अन्य के चार मकानों को गिरा दिया। अधिकारियों का कहना है कि जिस प्लॉटिंग में ये मकान बने थे, उसका न तो कोई लेआउट स्वीकृत है और न ही वहां बने मकानों का नक्शा पास कराया गया है। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शासन स्तर पर अपील निरस्त होने के बाद उपाध्यक्ष के लिखित आदेश पर की गई। कार्रवाई के दौरान एलडीए के प्रवर्तन जोन-1, 2 और 3 की टीम मौजूद रही, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस भी तैनात रही। अधिकारियों ने साफ किया है कि शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।


