आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के अंजुमन इस्लामिया उच्चतम माध्यमिक विद्यालय, दौना साफीपुर सरूपहा लालगंज में फर्जी नियुक्ति के मामले में पुलिस ने विद्यालय के प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार अबू आशिम उर्फ गुड्डू पुत्र मुर्तजा निवासी दौना वर्ष 2000 में विद्यालय के प्रबंधक बने थे। आरोप है कि प्रबंधक बनने के बाद उन्होंने विद्यालय में कार्यरत 14 पुराने शिक्षकों को धीरे-धीरे वर्ष 2005 तक बिना किसी नोटिस के हटा दिया। हटाए गए शिक्षकों ने वर्ष 2008 में तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक महेंद्र कुमार यादव से शिकायत की थी। उस समय प्रबंधक की ओर से यह रिपोर्ट दी गई कि शिक्षक विद्यालय में पढ़ाने नहीं आते थे।
बताया जाता है कि संबंधित शिक्षकों को विभागीय प्रक्रिया के तहत सेवा से अलग नहीं किया गया था। इसके बावजूद प्रबंधक ने उनकी जगह 11 नए शिक्षकों की नियुक्ति कर दी, जो शिक्षा विभाग द्वारा स्वीकृत पदों से अधिक बताई गई। मामले की जानकारी शिक्षा विभाग को होने पर जांच कराई गई।
जांच के बाद तत्कालीन संयुक्त शिक्षा निदेशक दलजीत सिंह पुरी के निर्देश पर वर्ष 2008 में सह जिला विद्यालय निरीक्षक भरत राम की तहरीर पर देवगांव कोतवाली में प्रबंधक अबू आशिम उर्फ गुड्डू के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 301/08 धारा 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत केस दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक न्यायालय में चल रहे इस मामले में आरोपी द्वारा आदेशों का पालन न करने पर एसीजीएम-10 की अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। इसके बाद देवगांव कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय ने आरोपी को लालगंज स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।


