टीकमगढ़ में बिजली बिल बकायादारों की कुर्की:6.5 लाख रुपए का बिल बकाया; 40 बाइक जब्त

टीकमगढ़ में बिजली बिल बकायादारों की कुर्की:6.5 लाख रुपए का बिल बकाया; 40 बाइक जब्त

टीकमगढ़ में बिजली बिल बकायादारों के खिलाफ विद्युत कंपनी ने कुर्की की कार्रवाई शुरू की है। बुधवार को बुडेरा क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान 40 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। इन पर लगभग 6.5 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। विशेष अभियान चलाया बिजली कंपनी के अधीक्षण यंत्री अजमेर सिंह ने बताया कि मार्च वित्तीय वर्ष का अंतिम माह होने के कारण राजस्व वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत बकाया बिजली बिल न चुकाने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। सहायक अभियंता विशाल तोमर के नेतृत्व में बुडेरा क्षेत्र में यह कुर्की अभियान चलाया गया। इस दौरान उन उपभोक्ताओं की 40 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं, जिन्होंने लंबे समय से अपने बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया था। बिजली कंपनी ने बताया कि संबंधित उपभोक्ताओं को पूर्व में कई बार बिल जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद उन्होंने भुगतान को गंभीरता से नहीं लिया और लगातार बिजली का उपयोग करते रहे। इसी कारण विभाग को यह सख्त कदम उठाना पड़ा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बकाया बिल न चुकाने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने सभी बकायादारों से अपील की है कि वे शीघ्र ही अपने बिलों का भुगतान करें, अन्यथा उनकी संपत्तियों पर भी कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *