छतरपुर जिले की चंदला थाना पुलिस ने ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बैटरी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। चंदला थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14 निवासी रामू सेन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि बंशिया रोड पर खड़े उनके स्वराज ट्रैक्टर से किसी अज्ञात व्यक्ति ने बैटरी चोरी कर ली है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मुखबिर की सूचना पर यूपी के युवक की गिरफ्तारी मुखबिर तंत्र और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के दौरान पुलिस को इस चोरी में एक युवक के शामिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी धीरू रैकवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी धीरू मूल रूप से ग्राम बछैड़ा, थाना नरैनी, जिला बांदा (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में चंदला में ही रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक्साइड कंपनी की चोरी की गई बैटरी और वारदात में इस्तेमाल की गई टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल बरामद की है। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम इस पूरी कार्रवाई में लवकुश नगर एसडीओपी नवीन दुबे के मार्गदर्शन और चंदला थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप दीक्षित के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में सहायक उप निरीक्षक के.एल. वर्मा, प्रधान आरक्षक राजेश और आरक्षक छोटेलाल, शिवम, कमल, अतुल, राजेंद्र, फूल, कुलदीप, बलबीर, हरपाल और प्रवीण शामिल थे।


