फरीदाबाद में 8-9 अप्रैल को फायर कर्मियों की हड़ताल:शहीद कर्मियों के लिए न्याय-मुआवजे की मांग; बोले- अनिश्चितकालीन हो सकता है आंदोलन

फरीदाबाद में 8-9 अप्रैल को फायर कर्मियों की हड़ताल:शहीद कर्मियों के लिए न्याय-मुआवजे की मांग; बोले- अनिश्चितकालीन हो सकता है आंदोलन

हरियाणा फायर विभाग कर्मचारी यूनियन ने 8 और 9 अप्रैल को प्रस्तावित राज्यव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को फरीदाबाद में एनआईटी नेहरू ग्राउंड स्थित फायर स्टेशन सहित जिले के विभिन्न फायर स्टेशनों पर कर्मचारियों की सभाएं आयोजित की गईं। बैठक में मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। चार जत्थे कर रहे हैं कर्मचारियों से संपर्क हड़ताल की तैयारी के तहत हरियाणा फायर विभाग कर्मचारी यूनियन ने चार अलग-अलग जत्थों का गठन किया है। ये जत्थे विभिन्न फायर स्टेशनों पर जाकर कर्मचारियों से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें आंदोलन में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सभाओं के दौरान कर्मचारियों को सरकार के सामने रखी गई मांगों और आंदोलन की रणनीति की जानकारी भी दी गई। यूनियन नेताओं ने सरकार पर लगाया भेदभाव का आरोप इन सभाओं में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान एवं नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री और नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य उप महासचिव सुनील चंडालिया विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि फायर कर्मचारियों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और उनके समर्थन में संगठन पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। हरियाणा फायर विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र और महासचिव गुलशन भारद्वाज ने कहा कि हरियाणा सरकार शहीद फायर फाइटर भविचंद और रणवीर सिंह को न्याय देने में देरी कर रही है। उनका कहना है कि सरकार के इस रवैये के कारण फायर कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। शहीद फायर कर्मियों को सम्मान देने की मांग यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सूरजकुंड में झूला हादसे में मारे गए पुलिस कर्मचारियों को सरकार ने तुरंत शहीद का दर्जा, एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की थी, लेकिन मुजेसर सेक्टर-24 स्थित कालकाजी स्टील कंपनी में भीषण आग और विस्फोट के दौरान शहीद हुए फायर कर्मी भविचंद और रणवीर सिंह को अब तक वही सम्मान और सहायता नहीं दी गई है। चेतावनी: दो दिवसीय हड़ताल बन सकती है अनिश्चितकालीन नेताओं ने कहा कि सरकार का यह रवैया न्यायसंगत नहीं है और इससे फायर कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों को नहीं माना तो 8 और 9 अप्रैल को होने वाली दो दिवसीय हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलने का फैसला लिया जा सकता है। सर्व कर्मचारी संघ ने दिया पूर्ण समर्थन सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि हरियाणा फायर विभाग कर्मचारी यूनियन, नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की इकाई है और उनके आंदोलन को सर्व कर्मचारी संघ तथा नगर पालिका कर्मचारी संघ का पूरा समर्थन है। उन्होंने सरकार से मांग की कि फरीदाबाद की आगजनी घटना में शहीद कर्मचारियों को सम्मान देते हुए उनके परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और आश्रितों को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने फायर कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने में देरी की और आंदोलन आगे बढ़ा तो प्रदेश के पालिका परिषदों और नगर निगमों के करीब 50 हजार कर्मचारी भी इस आंदोलन में शामिल हो सकते हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *