बरेली। जिले में एलपीजी सिलिंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी की खबरों के बीच प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बुधवार को तेल एवं गैस कंपनियों और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर गैस एजेंसियों पर कड़ी निगरानी रखने और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
आपूर्ति सामान्य, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
बैठक में तीनों तेल कंपनियों के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि जिले में एलपीजी सिलिंडर, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। अधिकारियों ने बताया कि नए नियम के तहत गैस सिलिंडर की रिफिल अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। साथ ही वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए ओटीपी आधारित डिलीवरी व्यवस्था लागू की गई है, जिससे कालाबाजारी की संभावना कम होगी।
एजेंसियों के स्टॉक की होगी रोजाना मॉनीटरिंग
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों के दैनिक स्टॉक की नियमित मॉनीटरिंग की जाए। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमण कर जांच करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अफवाहों से बचने की अपील
डीएम ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। लोग किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनहित में कंट्रोल रूम नंबर भी जारी किए गए हैं, जहां उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
घर बैठे करें गैस सिलिंडर की बुकिंग
जिलाधिकारी ने बताया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर बुक कराने के लिए गैस एजेंसी या गोदाम जाने की जरूरत नहीं है। लोग घर बैठे ही फोन कॉल, मिस्ड कॉल, व्हाट्सएप, मोबाइल ऐप और ऑनलाइन माध्यमों से आसानी से सिलिंडर बुक कर सकते हैं। बैठक में एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एडीएम न्यायिक देश दीपक सिंह, उपजिलाधिकारी तृप्ति, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फोन कॉल से बुकिंग:
भारत गैस – 7715012345 / 7718012345
इंडेन गैस – 7718955555
एचपी गैस – 8888823456
मिस्ड कॉल से बुकिंग:
भारत गैस – 7710955555
इंडेन गैस – 8454955555
एचपी गैस – 9493602222
व्हाट्सएप से बुकिंग:
भारत गैस – 1800224344
इंडेन गैस – 7588888824
एचपी गैस – 9222201122
मोबाइल ऐप से बुकिंग:
भारतगैस हेलो बीपीसीएल, इंडियन ऑयल वन, एचपी पे
ऑनलाइन माध्यम:
पेटीएम, अमेजॉन, गूगल पे, फोनपे और संबंधित कंपनियों की वेबसाइट के माध्यम से भी गैस सिलिंडर बुक किया जा सकता है।


