युद्ध की अफवाहों से गैस एजेंसियों पर भीड़:फतेहपुर में सिलेंडर लेने उमड़े लोग, प्रशासन बोला- कोई कमी नहीं

युद्ध की अफवाहों से गैस एजेंसियों पर भीड़:फतेहपुर में सिलेंडर लेने उमड़े लोग, प्रशासन बोला- कोई कमी नहीं

फतेहपुर जिले में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच युद्ध की अफवाहों के चलते रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। हालांकि, प्रशासन ने जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी न होने का दावा किया है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे लंबी कतारें लग रही हैं। ग्राहकों को सिलेंडर बुकिंग के लिए लगभग 1 से 2 घंटे तक कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है। वर्तमान में एक घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 968 रुपये बताई जा रही है। फतेहपुर इंडियन गैस एजेंसी के संचालक बाबूलाल वर्मा ने बताया कि युद्ध की खबरों के बाद से गैस सिलेंडर की मांग में वृद्धि हुई है। उनकी एजेंसी पर पहले प्रतिदिन लगभग 600 सिलेंडर की खपत होती थी, जो अब बढ़कर करीब 700 सिलेंडर हो गई है। वर्मा ने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। ग्राहकों को अपने मोबाइल नंबर से ऑनलाइन गैस बुक करनी होती है, जिसके बाद 6 अंकों का ओटीपी आता है। इस ओटीपी के साथ एजेंसी आकर पर्ची लेने के बाद कुछ समय कतार में लगकर आसानी से सिलेंडर मिल जाता है। वहीं, गैस सिलेंडर लेने आए एक युवक अंकित मिश्रा ने शिकायत की कि उनके मोबाइल पर ओटीपी आने के बाद गैस डिलीवरी दिखा रहा था, लेकिन जब वे एजेंसी पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनका कोटा पूरा हो गया है। मिश्रा ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी में काम करने वाले लड़के सिलेंडर दूसरे लोगों को बेच रहे हैं। जिलाधिकारी ने भी लोगों से अपील की है कि जिले में गैस की कोई किल्लत नहीं है और एजेंसियों पर पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध हैं। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने और आवश्यकतानुसार ही सिलेंडर लेने की सलाह दी। साथ ही, बाजार में कालाबाजारी रोकने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की टीम भी सक्रिय है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *