पलवल जिले की सीआईए टीम ने 20 लाख रुपए की अंग्रेजी शराब तस्करी मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में पहले ही दो तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी थी। सीआईए प्रभारी जगमिंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान वार्ड नंबर 11 मालब के नाजिम के रूप में हुई है। यह मामला 16 जुलाई 2025 का है, जब सीआईए स्टाफ के एएसआई राकेश कुमार की टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई की थी। टीम ने सोयब (मालपुरी निवासी) और रोबिन (मालब निवासी) को बड़ोदरा रोड पर एक कंटेनर ट्रक में अवैध शराब के साथ पकड़ा था। वे मानेसर की तरफ से गुजरात जा रहे थे। कई ब्रांड की पेटियां पकड़ी आरोपियों ने ट्रक में प्लास्टिक दाना भरा होने का दावा किया और संबंधित बिल भी पेश किए। हालांकि, पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने ड्राइवर सोयब से ट्रक की सील तुड़वाकर जांच की। जांच में कंटेनर के अंदर 240 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपए थी। इसमें रॉयल चैलेंज पव्वा (97 पेटी), रॉयल चैलेंज बोतल (47 पेटी), ऑल सीजन बोतल (848 पेटी) और म्यूजिक मूवमेंट पव्वा (48 पेटी) शामिल थी। इसके साथ 1 हजार कट्टे प्लास्टिक दाना भी मिला था। नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस ने बरामद शराब और ट्रक को जब्त कर लिया था। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई थी। पहले गिरफ्तार किए आरोपियों से पूछताछ के दौरान नाजिम का नाम सामने आया था। पुलिस टीम अब नाजिम से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि शराब कहां से लाई गई थी, उसे कहां बेचा जाना था और इस तस्करी रैकेट में और कौन-कौन शामिल हैं।


