रील स्टार अरुण तुपे का निधन, घर में मिला शव, 24 घंटे पहले ही शेयर किया था आखिरी वीडियो

रील स्टार अरुण तुपे का निधन, घर में मिला शव, 24 घंटे पहले ही शेयर किया था आखिरी वीडियो

सोशल मीडिया जगत को एक और बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र के मशहूर रील स्टार और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अरुण तुपे (Reel Star Arun Tupe Died) का मंगलवार (10 मार्च) को अचानक निधन हो गया। वे अपने ही घर में अचेत अवस्था में पाए गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। महज 24 घंटे पहले ही अरुण ने अपना आखिरी रील शेयर किया था। तब किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि वह अरुण का अंतिम वीडियो होगा।

24 घंटे पहले ही पोस्ट किया था वीडियो

अरुण तुपे की अचानक मौत से उनके परिवार, दोस्तों और फॉलोअर्स में शोक की लहर दौड़ गई है। खास बात यह है कि उन्होंने अपनी मौत से महज 24 घंटे पहले ही इंस्टाग्राम पर एक नई रील पोस्ट की थी, जिसके बाद अगले ही दिन उनके निधन की खबर सामने आई। हालांकि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

मिली जानकारी के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर के बालाजी नगर इलाके में रहने वाले अरुण तुपे मंगलवार को अपने घर में मृत पाए गए। परिजनों ने उन्हें तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक अरुण दुनिया को अलविदा कह चुके थे।

फिलहाल उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए घाटी स्थित सरकारी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस और डॉक्टरों का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

बताया जा रहा है कि अरुण को मिर्गी (फिट) की समस्या थी। हालांकि उनकी मौत इसी वजह से हुई या किसी अन्य कारण से, यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।

सोशल मीडिया पर शोक

अरुण तुपे अपनी कॉमेडी और सामाजिक संदेश वाली रील्स के लिए युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके इंस्टाग्राम पर लाखों फॉलोअर्स है, जो उनके हर वीडियो का बेसब्री से इंतजार करते थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही फैंस ने उनकी आखिरी रील पर बड़ी संख्या में कमेंट कर श्रद्धांजलि और शोक संदेश लिखे हैं। उनके कई करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों का कहना है कि अरुण का यूं अचानक चले जाना सभी के लिए बेहद चौंकाने वाला और दुखद है। रिश्तेदार और प्रशंसक उनके घर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

अब सभी की नजर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे अरुण तुपे की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।

कुछ दिन पहले रील स्टार प्रथमेश कदम की मौत

इससे पहले 26 जनवरी को रील स्टार प्रथमेश कदम का निधन हुआ था। बताया गया कि वे पिछले करीब एक महीने से बीमार चल रहे थे। सोशल मीडिया पर प्रथमेश और उनकी मां प्रज्ञा कदम की मां-बेटे की जोड़ी काफी लोकप्रिय थी। उनके वीडियो लाखों लोग देखते थे। प्रथमेश के निधन के बाद उनके परिवार में मां और एक छोटी बहन हैं।

एक के बाद एक दो युवा और प्रतिभाशाली इन्फ्लुएंसर्स को खोने से महाराष्ट्र के सोशल मीडिया जगत में शोक का माहौल है और लोग इस पर गहरा दुख व्यक्त कर रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *