शाहजहांपुर में कमर्शियल सिलेंडर पर रोक:एजेंसी संचालक बोले-जिसने एक साल से सिलेंडर नही लिया, वो भी लेने आ रहे

शाहजहांपुर में कमर्शियल सिलेंडर पर रोक:एजेंसी संचालक बोले-जिसने एक साल से सिलेंडर नही लिया, वो भी लेने आ रहे

शाहजहांपुर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। हालांकि, जिले में अभी गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें या घबराहट जैसी स्थिति नहीं है। गैस एजेंसी संचालक के अनुसार, पहले घरेलू सिलेंडर 15 से 21 दिनों में मिल जाते थे, लेकिन अब इसमें 25 दिन का समय लगेगा। इसके बावजूद, घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति में कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। एजेंसी संचालक रोहित आनंद ने बताया कि कुछ उपभोक्ता घबरा रहे हैं, उन्हें लग रहा है कि शाहजहांपुर में भी गैस की समस्या है। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे लोग भी सिलेंडर लेने आ रहे हैं, जिन्होंने पिछले एक साल में एक भी सिलेंडर नहीं लिया था। शाहजहांपुर में भारत, इंडेन और एचपी गैस के सिलेंडर उपयोग किए जाते हैं। अकेले एचपी गैस के 16,000 से अधिक घरेलू उपभोक्ता और 60 कमर्शियल उपभोक्ता हैं। संचालक ने कहा, निर्देश मिले हैं कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की कोई दिक्कत न हो।
श्री गुरु कृपा एचपी गैस के प्रोपराइटर रोहित आनंद ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे परेशान न हों, क्योंकि गैस की कोई कमी नहीं है। एक सिलेंडर लेने के बाद अगले सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन बाद होगी और उनको तुरंत डिलीवरी की जा रही है, बशर्ते उपभोक्ता के पास वैध कनेक्शन हो। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के नंबर पर एक कोड आता है। उसे डीएसी कोड बोलते हैं। वह कोड आते ही आपको सिलेंडर मिलेगा। उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर पर कुछ दिन के लिए रूकावट हुई है । मिनिस्टरी के निर्देश हैं कि मेरे लिए घरेलु उपभोक्ता प्राथमिकता पर हैं। जैसे ही मिनिस्टरी से नये निर्देश मिलेंगे तो कमर्शियल गैस भी कनेक्शन धारकों को दी जाएगी। कहा कि कई उपभोक्ता ऐसे हैं। जिन्होंने एक-एक साल तक गैस नही ली, लेकिन जब लोगों में भ्रम फैला कि सिलेंडर नही मिल पाएगा तो उनको लगने लगा कि सिलेंडर पहले से भरवाकर रख लें ।रोहित आनन्द ने ऐसे उपभोक्ताओं से अपील की है कि ज्यादा परेशान न हों, गैस की कोई किल्लत नही है। पहले से भराकर रख लेने से समस्या आएगी। समय आने पर ही सिलेंडर भरवाएं। वहीं, जिला पूर्ती अधिकारी चमन सिंह ने बताया कि उनके पास लखनऊ से अभी गैस से सबंधित कोई निर्देश नही आए हैं। कंपनी की तरफ से निर्देश जारी किए गए होंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *