फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ में बुधवार को जिला पंचायत परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मशहूर कलाकार गोरी नागौरी मुख्य रूप से अपनी प्रस्तुति देंगी। उनके अलावा अन्य कलाकार भी इसमें शामिल होंगे। यह समारोह शाम 5 बजे से शुरू होकर रात 8 बजे तक चलेगा। जिला पंचायत के ठीक सामने प्रांगण में एक मंच तैयार किया गया है और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग भी की गई है। बताया जा रहा है कि कुछ अन्य बॉलीवुड हस्तियां भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। मंगलवार रात से ही कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का दौर जारी रहा। देर रात तक रंगाई-पुताई का काम चला। जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि सचिन यादव देर रात तक व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आए। सचिन यादव ने बताया कि यह उनकी पुरानी परंपरा है, जिसके तहत वे हर साल होली से पहले या बाद में होली मिलन समारोह आयोजित करते हैं। इस वर्ष इसे बड़े पैमाने पर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के तत्वावधान में यह कार्यक्रम हो रहा है, जिसमें बॉलीवुड कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यादव ने आगे कहा कि होली का त्योहार हमारी संस्कृति से जुड़ा है, जहां बरसाने से लेकर वृंदावन तक नाच-गाने के साथ हर्षोल्लास से होली मनाई जाती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह समारोह आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के लिए बदायूं से साउंड सिस्टम मंगाया गया है, जो मंगलवार रात को ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गया था।


