गोरखपुर के रामगढ़ताल क्षेत्र में मंगलवार रात एक युवक को गोली मार दी गई। आरोप है कि रुपये देने के लिए बुलाए बड़हलगंज के पंकज शाही ने गोली मारी है। पैर में दो गोली लगते ही प्रियांशु सिंह (22) जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। साथ में गए दोस्त शशांक ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। शंशाक के सिर में भी पत्थर लगे हैं। वह भी घायल हालत में भर्ती कराया गया है। वहीं, आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल प्रियांशु सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर गोली फंसने की वजह से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस आरोपी पंकज शाही की तलाश में जुटी है। साढ़े तीन लाख रुपये की लेनदेन थी
गोला बाजार के दीपगढ़ गांव निवासी प्रियांशु सिंह के मित्र व महराजगंज घुघली निवासी शशांक त्रिपाठी से आरोपी बड़हलगंज के महुआपार निवासी पंकज शाही से पुरानी जान पहचान थी। जरूरत पड़ने पर पंकज शाही को शशांक ने साढ़े तीन लाख रुपये कर्ज के तौर पर दिए थे। उसी रुपये को लंबे समय से शशांक वापस मांग रहे थे। मंगलवार को दोनों के बीच में रुपये के लेनदेन को लेकर फोन पर बातचीत हुई थी। बताया जा रहा है कि पंकज ने शशांक को रुपये देने के लिए चिड़ियाघर के पास बुलाया था। शशांक अपने मित्र प्रियांशु को साथ में लेकर मंगलवार रात करीब 10:30 बजे बाइक से चिड़ियाघर के पास गए थे। वहां पर पहले से पंकज शाही अपने कुछ दोस्तों के साथ मौजूद था। दोनों के बीच में रुपये को लेकर बातचीत के दौरान ही विवाद हो गया और पंकज शाही ने अपने पास रखे असलहे से फायर कर दिया। गोली प्रियांशु के घुटने व पैर के निचले हिस्से में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर राहगीर भी रुक गए और आरोपी मौका पाकर फरार हो गया। दोस्त ने ही गोली लगने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। पीड़ित के बताए अनुसार पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। इस संबंध में एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया है। डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है। आरोपी पंकज शाही की तलाश में पुलिस टीमें गठित कर दी गई है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।


