भास्कर संवाददाता । दतिया घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी दतिया द्वारा भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा के नेतृत्व में दोपहर 12 बजे कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर को सिर पर रखकर विरोध जताया और कांग्रेस कार्यालय से बम-बम तिराहा होते हुए राजघाट चौराहे तक रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार मुर्दाबाद और गैस सिलेंडर के दाम कम करो जैसे नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। विरोध प्रदर्शन में पूर्व जिला अध्यक्ष रामकिंकर गुर्जर, जिला संगठन महासचिव नरेंद्र गुर्जर, शहर अध्यक्ष अजय शुक्ला, पातीराम पाल फौजी, रचना शेर सिंह, मोहन कुशवाह, दीपेंद्र पुरोहित, पार्षद जितेंद्र प्रजापति, राघवेंद्र जादौन, रवि यादव, मोहन स्वरूप श्रीवास्तव, अमरीश वाल्मीकि, पवन बेडर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


