प्रतापगढ़ में ट्रक की टक्कर से दो युवक गंभीर:रानीगंज में हादसा, मेडिकल कॉलेज रेफर, ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार

प्रतापगढ़ में ट्रक की टक्कर से दो युवक गंभीर:रानीगंज में हादसा, मेडिकल कॉलेज रेफर, ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार

प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र में एक दोस्त की बारात में शामिल होने आए दो युवक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। यह घटना मंगलवार रात लगभग 9:30 बजे लच्छीपुर-रानीगंज पट्टी मार्ग पर स्थित श्री साईं पैलेस के सामने हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय सड़क किनारे कई लोग बारात के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ-जा रहे थे। इसी दौरान पट्टी की तरफ से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने सड़क के किनारे खड़े दो युवकों को जोरदार टक्कर मारी और उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। घायलों की पहचान अमेठी जनपद के शिवपुर मोहैय्या निवासी इंद्रजीत वर्मा (28) पुत्र रमेश वर्मा और सूरज वर्मा (29) पुत्र जयराम वर्मा के रूप में हुई है। दोनों युवक आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं और अपने गांव के साथी रोहित प्रजापति की बारात में शामिल होने के लिए प्रतापगढ़ आए थे। रोहित प्रजापति की बारात लच्छीपुर स्थित श्री साईं पैलेस में आई थी। बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपने कुछ अन्य दोस्तों के साथ लच्छीपुर बाजार से वापस लौटते समय श्री साईं पैलेस के पास रानीगंज-पट्टी मार्ग पर सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *